'पीपली लाइव' की कमाई का आधा हिस्सा ग्रामीण ने मांगा
विदर्भ के किसानों पर बनी फिल्म पीपली लाइव के माध्यम से करोड़ों रुपए कमा चुके अभिनेता व फिल्म निर्माता आमिर खान की तिजोरी पर बैतूल के एक ग्रामीण की नजरें टिक गई हैं। उसका दावा है कि फिल्म उसके जीवन की कहानी पर आधारित है, लिहाजा उसे 50 प्रतिशत रॉयल्टी मिलनी चाहिए। इसके लिए ग्रामीण ने एक वकील भी कर लिया और आमिर को एक नोटिस भी भेजा है।
आमिर को यह नोटिस बैतूल जिले के सेहरा गांव के कुंजीलाल मालवीय ने भेजी है, जिसमें उसने पीपली लाइव से हुई कमाई का 50 प्रतिशत देने की मांग की है। कुंजीलाल के वकील संजय शुक्ला का कहना है कि उसका क्लाइंट एक ज्योतिष है और 2005 में उसने अपनी ही मौत की भविष्यवाणी की थी। उस दौरान कइ टीवी चैनलों ने उस पर खबर चलाई थी। कुंजीलाल ही एक ऐसा व्यक्ति है, जिसने अपनी मौत की भविष्यवाणी की और उसे टीवी चैनलों ने खुलकर दिखाया।
ठीक उसी प्रकार फिल्म में नत्था को टीवी चैनलों ने खुलकर कवरेज दिया। फर्क इतना था कि उसमें नत्था कोई ज्योतिष नहीं बल्कि किसान था और उसने आत्महत्या की धमकी दी थी। वकील का कहना है कि कुंजीलाल के जीवन की एक घटना को आमिर खान ने इस्तेमाल किया और करोड़ों रुपए कमा रहे हैं। उसे कम से कम कमाई का आधा हिस्सा तो मिलना ही चाहिए।
उधर विदर्भ के किसान भी आमिर खान से काफी खफा हें। किसानों का कहना है कि फिल्म की कहानी विदर्भ में आत्महत्या करने वाले किसानों के जीवन का गलत चित्रण किया गया है। किसानों की एक समिति ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पीपली लाइव पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।


Click it and Unblock the Notifications