Vikram Gokhale Health Update: विक्रम गोखले की हालत में सुधार, खोली आंखें, अस्पताल ने बताई रिपोर्ट

Vikram Gokhale Health Update: पिछले कुछ दिनों से दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले के स्वास्थ्य को लेकर कई तरह की खबरें चल रही हैं। बता दें, अब अस्पताल की ओर से अपडेट जारी कर दिया गया है। अभिनेता का पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया है कि वो अब धीरे-धीरे सुधार दिखा रहे हैं।
ताजा अपडेट के अनुसार, दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल के पीआरओ शिरीष यादगीकर ने कहा, "विक्रम गोखले में सुधार के धीमे लेकिन स्थिर संकेत दिख रहे हैं। वह अपनी आंखें खोल रहे हैं और अगले 48 घंटों में वेंटिलेटर सपोर्ट बंद होने की संभावना है।"
इससे पहले, उनकी मौत की खबरों को खारिज करते हुए, विक्रम गोखले की बेटी नेहा गोखले ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि, "पिता लाइफ सपोर्ट पर हैं.. प्रार्थना करते रहें.." बता दें, अभिनेता 15 दिनों से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती हैं और गंभीर हैं।
बीते दिनों उनके निधन की खबरें फैल गई थीं, जिसके बाद अजय देवगन से लेकर कई बॉलीवुड सेलेब्स ने शोक व्यक्त किया था। लेकिन बाद में अभिनेता ने परिवार ने हेल्थ अपडेट देते हुए अफवाहों के प्रति नाराजगी जताई।
दिग्गज अभिनेता हैं विक्रम गोखले
टेलीविजन, थियेटर, हिंदी और मराठी सिनेमा में अपना नाम कमा चुके अभिनेता विक्रम गोखले के स्वास्थ्य को लेकर उनके चाहने वाले प्रार्थना कर रहे हैं।
बॉलीवुड फिल्मों की बात करें तो विक्रम गोखले 'हम दिल दे चुके सनम', 'भूल भुलैया', 'दिल से', 'दे दना दन', 'हिचकी', 'निकम्मा', 'अग्निपथ', 'मिशन मंगल' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। वहीं, नाना पाटेकर के साथ मराठी फिल्म नट सम्राट में भी उनके निभाए किरदार को लोग आज भी याद करते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











