ड्रेस को लेकर विद्या बालन के नखरे
स्टारों के भाव इतने बढ़ जाते हैं कि फिर उन्हें अपने सामने सभी फीके लगने लगते हैं. कई स्टार तो अपनी मनमानी पर ही उतर आते हैं. 'लगे रहो मुन्नाभाई' की सफलता के बाद विद्या बालन भी बालीवुड में छा गई है, लेकिन साथ में उसके नखरे भी बढ गये हैं और इस बार उसकी मनमानी का शिकार बने हैं ड्रेस डिजायनर अकी नरुला. विद्या बालन को उसकी डिजायन किए हुए कपडे पसंद ही नहीं आये. इससे नाराज होकर अकी अपनी दूसरी फिल्म के शेड्यूल में हिस्सा लेने विदेश रवाना हो गये.
बताया जाता है कि विद्या पहले अकी की डिजाइनिंग की प्रशंसा करती थी लेकिन निर्माता रमेश तौरानी की फिल्म 'किस्मत कनेक्शन' में उसे अकी के डिजायन किए हुए कपड़ों से शिकायत होने लगी. उसने इसकी शिकायत प्रोडक्शन विभाग से की और यहां तक की शूटिंग भी रुकवा दी. बताया जाता है कि विद्या शूटिंग में अपनी ड्रेस को लेकर काफी सतर्क रहती है और उसे महसूस हो रहा था कि अकी के डिजायन किए हुए कपडों से उसकी छवि नहीं निखर पा रही है और यह कपडे़ पहनने लायक नहीं है.
कहीं ऐसा न हो कि विद्या अपनी इन हरकतों से एक दिन बालीवुड से आउट हो जाये और फिर किसी को नखरे दिखाने के काबिल ही नहीं रह पाये.


Click it and Unblock the Notifications