ब्लॉकबस्टर बनी विकी कौशल की 'उरी'- अब तमिल, तेलुगु और मलयालम में दिखेगी फिल्म!
आदित्य धर के निर्देशन में बनी विकी कौशल स्टारर फिल्म उरी ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। यह 2019 की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म बन चुकी है। ताजा खबरों की मानें तो उरी को अब तीन और भाषाओं में बनाया जाएगा। फिल्म को तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषा में रीमेक किया जाएगा। जाहिर है फिल्म के निर्माताओं के लिए यह बड़ी सफलता है।
फिल्म से जुड़े सूत्र के अनुसार, रॉनी स्क्रूवाला की टीम से साउथ के कई प्रोड्यूसर ने संपर्क किया है, जो फिल्म की रीमेक बनाना चाहते हैं। निर्माता ने कुछ लोगों से मुलाकात भी की है। यदि सब प्लान के मुताबिक चला.. तो ये फिल्में इसी साल फ्लोर पर आ जाएगी।

गौरतलब है कि साल 2016 में जम्मू और कश्मीर के उरी सेक्टर में एलओसी के पास स्थित भारतीय सेना के स्थानीय मुख्यालय पर आतंकवादियों ने हमला किया था। इस हमले में सेना के करीब 18 जवान शहीद हुए थे। इसके 11 दिनों के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुस कर सर्जिकल स्ट्राइक की थी और आतंकवादियों के कई ठिकानों को तहस नहस कर दिया था। भारतीय सेना के इसी मिशन को बड़े पर्दे पर उतारा है निर्देशक आदित्य धर ने।
देशभक्ति से जुड़ी यह कहानी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। बता दें, फिल्म अब तक अपने बजट से चार गुणा ज्यादा कमाई कर चुकी है। उरी ने अब तक 270 प्रतिशत से ऊपर का मुनाफा कमा लिया है। ट्रेड पंडितों की मानें तो फिल्म लाइफटाइम कलेक्शन 150 करोड़ तक जा सकता है।


Click it and Unblock the Notifications