केवल मूंछें लगाने से अच्छे एक्टर नहीं बनते, सैम मानेकशॉ़ फर्स्ट लुक पर विकी कौशल से नाराज़ लोग
विकी कौशल से इस समय लोग खासा नाराज़ है और नाराज़ होने का कारण वाजिब सा है। दरअसल, हाल ही में फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ की पुण्यतिथि पर विकी कौशल ने मेघना गुलज़ार की सैम मानेकशॉ पर बन रही फिल्म से अपना पहला लुक जारी किया था। हू ब हू, सैम मानकेशॉ जैसा। लेकिन जल्दी ही फैन्स ने इशारा किया कि कैसे विकी की वर्दी पर सैम की रैंक बिल्कुल गलत है।
एक वर्दी वाले इंसान की सबसे बड़ी कमाई होती है उसकी रैंक। और विकी की वर्दी पर वही गलत थी। इस बारे में लोगों ने विकी को सुनाना शुरू किया। और धीरे धीरे लोग इस बात को नोटिस करने लगे और बताने लगे कि फिल्म की टीम को कम से कम इतनी रिसर्च तो कर ही लेनी चाहिए थी।

अब सूत्रों की मानें तो दरअसल, विकी कौशल ने ये तस्वीर, मेघना गुलज़ार की इजाज़त के बिना डाल दी थी। फिल्म इंडस्ट्री के प्रवक्ता, अशोक पंडित ने मेघना गुलज़ार के काम पर उंगली उठते देख ये साफ किया कि मेघना से कभी किसी गलती की उम्मीद नहीं की जा सकती। तलवार हो या राज़ी उन्होंने हमेशा अपनी रिसर्च पूरी रखी है।
इस बार भी मेघना ने रिसर्च पूरी की थी लेकिन तस्वीर डालने से पहले उनसे पूछना ही ज़रूरी नहीं समझा गया। वहीं अशोक पंडित ने विकी कौशल पर निशाना साधते हुए कहा कि आजकल के एक्टर्स को भी रोल के बारे में थोड़ी रिसर्च करनी चाहिए। खासतौर से जब आप मदर टेरेसा या सैम मानेकशॉ जैसे किरदार निभा रहे हों।
हालांकि विकी केवल ये बताना चाहते थे कि वो सैम मानेकशॉ का किरदार निभा रहे हैं लेकिन ऐसा एलान करते वक्त भी सावधानी बरतनी चाहिए थी। केवल मूंछ और किसी का बैठने का तरीका कॉपी करना काफी नहीं होता है।


Click it and Unblock the Notifications