मशहूर सिंगर और म्यूज़िक डायरेक्टर बप्पी लहरी का 69 साल की उम्र में निधन
हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बुधवार, 16 फरवरी की सुबह एक दुखद खबर लेकर आ रही है। प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मशहूर सिंगर और म्यूज़िक कंपोज़र बप्पी लहरी का मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। बप्पी लहरी की उम्र 69 साल की थी। उनके निधन से जुड़ी और जानकारी आना अभी बाकी है।
Recommended Video
गौरतलब है कि पिछले साल, बप्पी लहरी के आवाज़ खोने की अफवाहें काफी तेज़ी से फैली थीं। ये अफवाहें, उनके कोरोना संक्रमित होने के बाद फैली थीं। बप्पी लहरी को अप्रैल 2021 में कोरोना हो गया था जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

इसके बाद खबरें थीं कि उन्होंने अपनी आवाज़ खो दी है। लेकिन बप्पी लहरी ने खुद इन खबरों का खंडन करते हुए बताया था कि वो बिल्कुल ठीक हैं और उनके बारे में उड़ रही बातें केवल अफवाहें हैं। असल में उनकी आवाज़ नहीं गई थी। लेकिन चूंकि उनके फेफड़ों का ईलाज चल रहा था इसलिए डॉक्टर ने उन्हें ना बोलने की सलाह दी थी जिससे कि वो जल्दी ठीक हो जाएं। बप्पी लहरी बस इसी सलाह को मान रहे थे। लेकिन चूंकि उन्होंने बोलना बंद कर दिया तो लोगों को लगा कि उनकी आवाज़ चली गई है।
बप्पी लहरी पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके थे। लेकिन अचानक उनके निधन की खबरों से संगीत जगत स्तब्ध है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।


Click it and Unblock the Notifications











