200 से ज्यादा फिल्में करने वाले इस चर्चित एक्टर को अब नहीं मिल रहा है काम, छलका दर्द- "ऑडिशन के बाद भी.."

Tiku Talsania: फिल्मों में अपने गुदगुदाने वाले अंदाज और प्रभावी अभिनय के लिए चर्चित एक्टर टीकू तलसानिया आजकल बड़े पर्दे पर काफी कम ही नजर आते हैं। एक्टर ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का जिक्र किया है कि ऑडिशन देने के बावजूद उन्हें अब काम नहीं मिल रहा है।
अंदाज़ अपना अपना, दिल है के मानता नहीं, बोल राधा बोल, कुली नंबर 1, इश्क, देवदास जैसी 200 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रह चुके ये अभिनेता अब अपनी तरह की अनूठी गुजराती वेब सीरीज व्हाट द फाफड़ा में नजर आ रहे हैं।
काम की तलाश में दे रहे हैं ऑडिशन
टीकू तलसानिया का कहना है कि एक्टिंग के क्षेत्र में उनके पास देने के लिए अभी भी बहुत कुछ है और वह लगातार बदलते फिल्म उद्योग में फिट होने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि वो काफी समय से काम की तलाश में हैं और अभी भी अच्छी भूमिकाओं के लिए ऑडिशन दे रहे हैं।
बॉलीवुड अलग दौर में पहुंच गया है
एक्टर कहते हैं, "बॉलीवुड फिल्मों का वो दौर चला गया जब फॉर्मूला फिल्में बना करती थीं। 2 गाने, थोड़ा डांस और थोड़ी कहानी के साथ फिल्म बन जाती थी। लेकिन अब बॉलीवुड अलग दौर में पहुंच गया है। अगर आप कहानी के किसी अहम किरदार को नहीं निभाते हैं तो आपको काम मिलने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।"
अपने काम को एन्जॉय किया है
अपने चार दशकों के सफर पर वह कहते हैं, "मैं वास्तव में पीछे मुड़कर नहीं देखता। जब जैसे काम आता है वैसे ही कर लेता हूं और आगे बढ़ता रहता हूं। लेकिन हां, मैंने बहुत अच्छा समय बिताया है। मैं भाग्यशाली रहा हूं। मैंने अब तक अपने काम को एन्जॉय किया है, और मुझे उम्मीद है कि मैं अपने काम का आनंद लेता रहूंगा, शो चालू रखूंगा।"


Click it and Unblock the Notifications











