बॉलीवुड के 'विलेन' प्रेम चोपड़ा की तबीयत बिगड़ी, फैमिली ने बताई असली वजह, जानिए कैसी है हालत

Prem Chopra health update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा की तबीयत इन दिनों ठीक नहीं चल रही है। उन्हें शनिवार (8 नवंबर) को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें सीने में जकड़न (Chest Congestion) की शिकायत के चलते एडमिट किया।
डॉक्टरों की निगरानी में प्रेम चोपड़ा
बीते तीन दिनों से वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और अब उनकी हालत में काफी सुधार देखा जा रहा है। परिवार के अनुसार, अगर सब कुछ ठीक रहा तो उन्हें अगले तीन से चार दिनों में अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
प्रेम चोपड़ा को भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार और दमदार विलेन के रूप में जाना जाता है। अपनी गहरी आवाज, तीखे एक्सप्रेशन और शानदार डायलॉग डिलीवरी से उन्होंने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी।
प्रेम चोपड़ा का करियर
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पंजाबी फिल्मों से की थी। उनकी पहली फिल्म 'चौधरी कर्नैल सिंह' (1960) थी, जिसे नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा की ओर रुख किया और फिल्म 'शहीद' (1965) में एक पॉजिटिव कैरेक्टर निभाया। हालांकि, बाद में खलनायक के रोल से उन्होंने इतनी लोकप्रियता हासिल की कि वह बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा विलेन बन गए।
1960 के दशक के आखिरी दौर से लेकर 1990 के दशक तक प्रेम चोपड़ा लगातार सुपरहिट फिल्मों में नजर आए। उन्होंने 'दो रास्ते' (1969), 'कटी पतंग' (1970), 'दो अंजाने' (1976), 'दोस्ताना' (1980) और 'क्रांति' (1981) जैसी हिट फिल्मों में यादगार किरदार निभाए।
करीब छह दशक लंबे करियर में प्रेम चोपड़ा ने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। वह उन चुनिंदा कलाकारों में से हैं जिनकी सिर्फ एक झलक से दर्शक उनके किरदार को पहचान लेते थे।
उनकी जोड़ी सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ भी खूब पसंद की गई। दोनों ने मिलकर करीब 19 फिल्मों में काम किया और इनमें से ज्यादातर फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुईं।
समय के साथ प्रेम चोपड़ा ने पॉजिटिव और कैरेक्टर रोल्स भी निभाने शुरू किए, लेकिन उनकी पहचान अब भी हिंदी सिनेमा के सबसे आइकॉनिक विलेन के रूप में बनी हुई है।
तबीयत में सुधार
उनकी तबीयत में सुधार की खबर सुनकर उनके फैंस राहत की सांस ले रहे हैं और सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











