हिंदी-मराठी सिनेमा का बड़ा सितारा बुझा, '3 इडियट्स' से दर्शकों के दिलों पर छाप छोड़ने वाले एक्टर का निधन!

Achyut Potdar Passes Away: हिंदी और मराठी फिल्मों के मशहूर एक्टर अच्युत पोतदार का 18 अगस्त को मुंबई के ठाणे में निधन हो गया। वह 91 साल के थे। परिवार की ओर से उनकी मौत की वजह सामने नहीं आई है। उनके जाने से सिनेमा और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अच्युत पोतदार को तबीयत बिगड़ने के बाद ठाणे के जुपिटर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार 19 अगस्त, मंगलवार को किया जाएगा।
आर्मी ऑफिसर से लेकर एक्टर तक का सफर
मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मे अच्युत पोतदार मराठी ब्राह्मण परिवार से ताल्लुक रखते थे। उन्होंने 1961 में इकोनॉमिक्स (अर्थशास्त्र) में ग्रेजुएशन किया और उसके बाद भारत-चीन युद्ध के दौरान भारतीय सेना में शामिल हुए। साल 1967 में उन्होंने कैप्टन के पोस्ट से रिटायरमेंट लिया।
इसके बाद करीब 25 साल तक उन्होंने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन में नौकरी की और 1992 में 58 साल की उम्र में रिटायर हुए। इसी दौरान उन्हें एक्टिंग का शौक चढ़ा और उन्होंने थिएटर और कल्चरल इवेंट में हिस्सा लेना शुरू किया।
फिल्मों और टीवी में मजबूत पहचान
एक्टिंग की दुनिया में उन्होंने 1980 में फिल्म 'आक्रोश' से कदम रखा। इसके बाद उन्होंने हिंदी और मराठी की 125 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उनके करियर का सबसे यादगार रोल फिल्म '3 इडियट्स' में रहा, जहां उन्होंने एक प्रोफेसर का रोल निभाया। इसके अलावा वे 'लगे रहो मुन्ना भाई', 'रंगीला', 'परिणीता', 'वास्तव', 'दबंग 2', 'वेंटिलेटर' जैसी हिट फिल्मों में भी नजर आए।
सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, बल्कि छोटे पर्दे पर भी उन्होंने अपनी दमदार पहचान बनाई। टीवी शो 'वागले की दुनिया', 'माझा होशील ना', 'मिसेज तेंदुलकरट और 'भारत की खोज' जैसे सीरियल्स में उनकी एक्टिंग को खूब सराहा गया।
इंडस्ट्री और फैंस ने जताया दुख
अच्युत पोतदार के निधन से फिल्म जगत और उनके चाहने वालों को गहरा सदमा लगा है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें याद कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
यहां देखें अच्युत पोतदार का वीडियो


Click it and Unblock the Notifications