वेनिस फ़िल्म फ़ेस्टिवल में फ़िल्मी सितारे

फ़िल्म में जॉर्ज क्लूनी और ब्रैड पिट ने काम किया है. स्क्रीनिंग से पहले दोनों सितारों के प्रशंसकों ने ज़बरदस्त स्वागत किया. रेड कार्पेट पर क्लूनी और पिट ने भी अपने फ़ैन्स को दिल खोल कर ऑटोग्राफ़ दिए और फ़ोटो खिंचवाईं.
बर्न आफ़्टर रीडिंग के प्रीमियर से पहले ब्रैड पिट ने अपना वो पुरस्कार भी लिया जो उन्होंने वेनिस में पिछले साल जीता था लेकिन ख़ुद समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे.
उन्हें फ़िल्म 'द एसेसिनेशन ऑफ़ जेसी जेम्स बाय द कावर्ड रॉबर्ट फ़ोर्ड' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला था. पिट ने कहा, "ये पुरस्कार पाना सम्मान की बात थी और आज इसे स्वीकार करना भी सम्मान की बात है."
गोल्डन लाएन पुरस्कार के लिए इस साल 21 फ़िल्मों में प्रतियोगिता है जिसमें तुर्की, अल्जीरिया और इथियोपिया भी शामिल हैं. ये पुरस्कार छह सितंबर को दिया जाएगा. फ़ेस्टिवल में फ़ैशन डिज़ाइनर वेलेनटिनो पर भी एक फ़िल्म दिखाई जाएगी.
पुरस्कार की दौड़ में शामिल फ़िल्मों को देखकर ऐसा आभास होता कि इस बार हॉलीवुड की ओर से कम फ़िल्मे हैं लेकिन फ़ेस्टिवल निर्देशक मार्को मुएलर का कहना है कि दरअसल इससे पहले शायद ही अमरीकी फ़िल्में इतनी बड़ी संख्या में यहाँ आई हों.
उन्होंने कहा, "फ़ेस्टिवल के इतिहास में ये सिर्फ़ दूसरी दफ़ा हुआ है कि प्रतियोगिता में पाँच अमरीकी फ़िल्में शामिल है. चयन राष्ट्रीयता के आधार पर नहीं होता."
वेनिस फ़िल्म फ़ेस्टिवल में पिछले साल सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार केट ब्लैंशेट को मिला था. ये पुरस्कार उन्हें फ़िल्म 'आई एम नॉट देयर' के लिए मिला. जबकि सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म के लिए गोल्डन फ़िल्म पुरस्कार ऐंग ली की फ़िल्म 'से, जाई' ( लस्ट, कॉशन) को मिला था.


Click it and Unblock the Notifications