अजय देवगन की 'बेटी' ने दी खुशखबरी, पति ने कहा- 'अब जाकर हमारी फैमिली पूरी हुई'

Vatsal Sheth Ishita Dutta baby girl: एंटरटेनमेंट की दुनिया के मशहूर कपल वत्सल शेठ और इशिता दत्ता ने एक बार फिर अपने फैंस को खुशखबरी सुनाई है। दोनों ने कुछ महीने पहले वैलेंटाइन डे के दिन सोशल मीडिया पर बताया था कि वे दोबारा पेरेंट्स बनने वाले हैं। अब 10 जून को इस कपल ने अपनी बेटी का स्वागत किया है।
शेयर की पहली झलक
वत्सल और इशिता ने अपनी नन्ही बेटी की पहली तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा- "हमारे दो दिल अब चार हो गए हैं। हमारा परिवार अब पूरा हो गया है। हमें एक प्यारी सी बेटी का आशीर्वाद मिला है।"
खुशखबरी थी एक प्यारा सरप्राइज
वत्सल शेठ ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब इशिता ने उन्हें प्रेग्नेंसी की खबर दी तो वो चौंक गए थे, लेकिन ये एक बहुत ही खुशी भरा पल था। उन्होंने कहा- "जब इशिता ने मुझे बताया, तो मैं कुछ पल के लिए चुप हो गया। समझ नहीं आया कैसे रिएक्ट करूं, लेकिन जब बात समझ आई, तो दिल बहुत खुश हुआ।"
उन्होंने ये भी बताया कि जिस दिन ये खबर मिली, उस दिन उनका बेटा वायु थोड़ा चिड़चिड़ा था। वत्सल ने कहा- "हमें कुछ समय लगा सब समझने और सोचने में, फिर हमने ये खुशी सबके साथ शेयर की।"
लव स्टोरी और शादी
इशिता और वत्सल की मुलाकात टीवी शो 'रिश्तों का सौदागर - बाजीगर' के सेट पर हुई थी। यहीं से दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ और फिर 2017 में उन्होंने शादी कर ली। इस कपल ने 19 जुलाई 2023 को अपने पहले बच्चे, बेटे वायु का स्वागत किया था। अब वायु को एक छोटी बहन मिल गई है।
दोनों का वर्कफ्रंट
जहां वत्सल हाल ही में गुजराती फिल्म 'सरप्राइज' में नजर आए थे, वहीं इशिता को आखिरी बार 2022 में रिलीज हुई फिल्म 'दृश्यम 2' में देखा गया था। इस फिल्म में उन्होंने अजय देवगन की बेटी का रोल निभाया था।


Click it and Unblock the Notifications













