Varun Dhawan ने बवाल को लेकर हुए विवाद पर तोड़ी चुप्पी, ओपेनहाइमर में भगवद गीता सीन पर साधा निशाना

Varun Dhawan reacts to Bawaal criticism: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी, वरुण धवन और जान्हवी कपूर की हालिया रिलीज फिल्म 'बवाल' को जहां एक ओर तारीफ पर तारीफ मिल रही है। वहीं, कुछ लोग फिल्म को असंवेदनशील बता रहे हैं कि इसमें वर्ल्ड वॉर 2 के रिफरेंस को शामिल किया गया है।
खासकर एक दृश्य की काफी चर्चा हो रही है जहां जान्हवी कपूर और वरुण धवन के किरदारों को ऐसे डायलॉग बोलते हुए सुना गया, जिसमें उनकी भावनात्मक अस्थिरता की तुलना ऑशविट्ज़ और हिटलर के डर के साथ की गई। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अब वरुण धवन ने इस पर प्रतिक्रिया दी है और आलोचना करने वालों पर निशाना साधा है।
मैंने क्रिटसिज्म का हमेशा सम्मान किया है
वरुण धवन ने कहा, "ऐसा नहीं है कि पहली बार मेरी फिल्म को क्रिटसिज्म मिल रही है। मेरी फिल्में जुड़वा 2, मैं तेरा हीरो और एबीसीडी2 की आलोचना भी हुई थी, जिसे मैंने पूरे दिल स्वीकार भी किया। मैं आलोचना का सम्मान करता हूं। लेकिन बवाल को लेकर मुझे यह समझ में नहीं आया कि जब मेरा किरदार लखनऊ से है और वो एक तरह के निगेटिव ही है। उसे कहीं भी हीरो जैसा नहीं बताया गया था। इसलिए निशा (जान्हवी का किरदार) उसे इस तरह से बात समझाती है कि उसे अहसास हो।"
अंग्रेजी फिल्म देखते समय संवेदनशीलता कहां चली जाती है
उन्होंने आगे कहा, "दूसरी बात, मैं हर किसी की राय का सम्मान करता हूं और हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है। लेकिन जो लोग बवाल को असंवेदनशील बता रहे हैं.. मुझे समझ नहीं आता कि जब वे अंग्रेजी फिल्म देखते हैं तो वह संवेदनशीलता या ट्रिगर कहां चली जाती है। उन्हें सब कुछ करने और दिखाने की अनुमति है और आपको कोई दिक्कत नहीं है।"
फिल्मों का आंकने का पैमाना समान होना चाहिए
क्रिस्टोफर नोलन के निर्देशन में बनी फिल्म ओपेनहाइमर के भगवद गीता सीन का सीधा जिक्र किए बिना, वरुण धवन ने कहा, "मुझे पता है कि कैसे हाल में ही रिलीज हुई एक शानदार फिल्म में भी ऐसा सीन था, जिसे देखने के बाद दर्शकों का नाराज होना बनता है। इसमें हमारे देश के कल्चर के हिसाब से ये बहुत ही जरूरी चीज थी। लेकिन वो आपके लिए ठीक। तब आपकी आलोचनाएं कहां जाती है? लेकिन हमारे साथ, आप व्यक्तिगत होना चाहते हैं। आपके पास हर किसी को मापने के लिए एक अलग पैमाना नहीं हो सकता है। यह समान होना चाहिए। फिल्मों को इस तरह आंकने की कोई आवश्यकता नहीं है।"


Click it and Unblock the Notifications












