वाह.. वरूण धवन से नवाजुद्दीन भी हुए impress
आगामी फिल्म 'बदलापुर' में यूं तो वरूण धवन के बदले अवतार की सब तारीफ कर रहे हैं। लेकिन फिल्म में उनके को-स्टार नवाजुद्दीन सिद्दिकी वरूण से काफी प्रभावित नजर आ रहे हैं। जी हां, नवाजुद्दीन सिद्दिकी ने खुद कहा है कि वरूण की एनर्जी उनके लिए प्रेरणा का काम करती है। नवाजुद्दीन ने वरूण के ऊर्जावान व्यक्तित्व की तारीफ की।
नवाजुद्दीन ने टीवी शो 'सावधान इंडिया-इंडिया फाइट्स बैक' के सेट पर कहा, 'वरुण के साथ काम करने का अनुभव काफी बढ़िया रहा। वह ऊर्जा की खान हैं और उनसे मुझे प्रेरणा मिलती है।' आपको बता दें, श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी फिल्म बदलापुर में नवाजुद्दीन ने नकारात्मक भूमिका निभाई है। और उनके रोल से काफी उम्मीद की जा रही है।
नवाजुद्दीन संजीदा किरदार निभाने के लिए जाने जाते हैं। वे कहते हैं कि उन्हें राघवन के साथ काम करने का मौका मिला और वह इससे काफी खुश हैं। नवाजुद्दीन ने कहा, 'मैं हमेशा से उनके साथ काम करना चाहता था और ईश्वर को धन्यवाद देता हूं कि 'बदलापुर' जैसी शानदार फिल्म में उनके साथ काम करने का मौका मुझे मिला।'
आपको बता दें, इससे पहले गैंग्स ऑफ वासेपुर और किक जैसी फिल्मों में अपने किरदार के लिए नवाजुद्दीन को काफी सराहा जा चुका है। बहरहाल, 'बदलापुर' में वरूण धवन, नवाजुद्दीन समेत हुमा कुरैशी और यमी गौतम भी मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।


Click it and Unblock the Notifications












