वो मेरा सब कुछ था: वरूण धवन ने ड्राईवर के लिए लिखा भावुक पोस्ट, अंतिम संस्कार पर परिवार को संभालते दिखे
वरूण धवन के ड्राईवर मनोज साहू का मंगलवार शाम, अचानक सेट पर ही दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। अब वरूण ने अपने ड्राईवर की याद में एक भावुक पोस्ट अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। वरूण ने मनोज के साथ एक वीडियो शेयर किया। ये वीडियो वरूण के मोम के पुतले के अनावरण के दौरान का है।
इस वीडियो में वरूण धवन अपने ड्राईवर मनोज से सबको मिलवाते दिख रहे हैं। वरूण, मनोज को बुलाते हैं और उससे पूछते हैं कि ये पुतला उन्हें कैसा लग रहा है। मनोज थोड़ा झिझकते हुए पूरी पब्लिक से मिलते हैं।

इस वीडियो में वरूण ये भी बताते दिखते हैं कि जब भी वो विदेश में शूटिंग के लिए जाते हैं, तब भी मनोज उनके साथ ही होते हैं। इतना ही नहीं, वो साथ में नाश्ता भी करते हैं।

26 साल के साथ
मनोज, वरूण धवन के परिवार के लिए 26 साल से काम कर रहे हैं। वहीं वरूण के साथ वो वरूण के करियर की शुरूआत के भी पहले से हैं। वरूण के लिए मनोज 15 साल से गाड़ी चला रहे हैं और हर वक्त वरूण के साथ ही होते हैं।

शेयर किया भावुक पोस्ट
मनोज को याद करते हुए वरूण ने लिखा - मनोज मेरी ज़िंदगी में 26 सालों से थे। वो मेरा सब कुछ थे। मैं बता नहीं सकता कि इस समय मैं कितना क्षुब्ध हूं। लेकिन इतना कहना चाहता हूं कि जो भी उन्हें याद रखे, उनके सेंस ऑफ ह्यूमर और ज़िंदगी के लिए उनकी जिजीविषा के लिए याद रखे। मैं आपको बहुत ज़्यादा याद करूंगा मनोज दादा।

सेट पर ही पड़ा था दिल का दौरा
गौरतलब है कि मनोज साहू को कल दिन में वरूण धवन के सेट पर ही दिल का दौरा पड़ा। इसके बाद वरूण और उनकी टीम जल्दी से मनोज को लेकर लीलावती अस्पताल पहुंची जहां मनोज को मृत घोषित कर दिया गया। इस खबर से वरूण का पूरा परिवार स्तब्ध रह गया।

पूरी की सारी औपचारिकताएं
वरूण धवन देर रात तक मनोज के निधन से जुड़ी सारी औपचारिकताएं लीलावती अस्पताल में पूरी करते दिखाई दिए। इस मौके पर वरूण का पूरा स्टाफ, उनके साथ सपोर्ट सिस्टम की तरह मौजूद था।

भाई ने परिवार को संभाला
वहीं मनोज साहू के अंतिम संस्कार पर वरूण धवन और उनके भाई रोहित धवन, मनोज साहू के परिवार को संभालते दिखाई दिए। वरूण के भाई रोहित धवन, मनोज के बेटे को अंतिम संस्कार के वक्त संभालते दिखे।


Click it and Unblock the Notifications











