वरूण धवन और जान्हवी कपूर का यूरोपियन रोमांस, पैरिस में करेंगे बवाल, जानिए नितेश तिवारी फिल्म की डीटेल्स
वरूण धवन और जान्हवी कपूर, नितेश तिवारी की अगली फिल्म के लीड कपल हैं। नितेश तिवारी की इस फिल्म का नाम है बवाल और ये फिल्म 7 अप्रैल 2022 को रिलीज़ हो रही है। फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं साजिद नाडियाडवाला। ये फिल्म एक हल्की फुल्की रोमांटिक कॉमेडी है और फिल्म 7 शहरों में शूट हो रही है।
बवाल की शूटिंग यूरोप के चार शहरों में होगी। इसके अलावा, फिल्म भारत के भी तीन शहरों में शूट होगी। फिल्म का काफी ज़्यादा हिस्सा पैरिस में शूट होना है और दर्शक, वरूण - जान्हवी की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने के लिए काफी ज़्यादा उत्साहित हैं।

नितेश तिवारी यूं तो मधु मंटेना की 500 करोड़ की रामायण पर काम कर रहे हैं लेकिन उस फिल्म के फ्लोर पर जाने के पहले वो वरूण - जान्हवी की ये रोमांटिक फिल्म पूरी करेंगे। इससे पहले, नितेश तिवारी और साजिद नाडियाडवाला की जोड़ी, छिछोरे जैसी शानदार फिल्म बना चुकी है और फिल्म के लिए नेशनल अवार्ड भी जीत चुकी है।

साथ में नहीं हो पा रही थी कास्टिंग
बात करें फिल्म की दूसरी लीड जान्हवी कपूर की तो वरूण धवन और जान्हवी कपूर इससे पहले एक साथ शशांक खेतान की फिल्म मिस्टर लेले में भूमि पेडनेकर के साथ नज़र आने वाले थे। लेकिन वरूण धवन को ये फिल्म छोड़नी पड़ी। अब मिस्टर लेले नए नाम और स्टारकास्ट के साथ अनाउंस हो चुकी है। वहीं वरूण और जान्हवी आखिरकार, किसी फिल्म में साथ आ रहे हैं।

फैन्स को बहुत पसंद हैं जान्हवी
जान्हवी कपूर धड़क के साथ आलोचनाओं का शिकार भले ही हुई थीं लेकिन अपनी रियल लाईफ में वो फैन्स और मीडिया का दिल जीतती गईं। चाहे वो इवेंट्स में उनकी शानदार उपस्थिति हो या फिर जिम सेशन के बाहर उनका नो मेकअप लुक। जान्हवी कपूर अक्सर ही फैन्स को खुश करती और उनके साथ सेल्फी खींचती दिख जाती है।

वरूण के पास आए ढेरों ऑफर
वरूण धवन लॉकडाउन में कई फिल्में रिजेक्ट कर चुके हैं। ड्रीम गर्ल डायरेक्टर राज शांडिल्य ने उन्हें एक कॉमेडी फिल्म ऑफर की थी जहां वरूण धवन एक स्टैंड अप कॉमेडियन का किरदार निभाने वाले थे। वहीं दूसरी तरफ, उन्हें शाहरूख खान की रेड चिलीज़ ने भी एक फिल्म ऑफर की थी जिसे वरूण ने ठुकरा दिया। केसरी डायरेक्टर अनुराग सिंह भी वरूण के साथ एक फिल्म शुरू करने वाले थे जो लॉकडाउन में वरूण धवन ने रिजेक्ट कर दी। इसके बावजूद उनके पास पाईपलाईन में ढेरों फिल्में हैं।

फूंक फूंक कर कदम रख रही हैं जान्हवी
जान्हवी कपूर, दर्शकों की चहेती हैं और अगर नई पीढ़ी की हीरोइनों की बात करें तो उनमें सबसे सशक्त किरदार निभाने वाली अभिनेत्री हैं। धर्मा प्रोडक्शन्स के लिए जान्हवी कपूर की अगली फिल्म डायरेक्ट करेंगे बमन ईरानी के बेटे कयोज़ ईरानी। इस फिल्म में जान्हवी कपूर के अपोज़िट होंगे सिद्धार्थ मल्होत्रा या वरूण धवन। वहीं धर्मा प्रोडक्शन्स की एक और फिल्म जिसे शरण शर्मा डायरेक्ट कर रहे हैं वो अनाउंस हो चुकी है। फिल्म का नाम है मिस्टर एंड मिसेज़ माही जिसमें जान्हवी कपूर के साथ राजकुमार राव होंगे।

हर फ्लेवर की फिल्म
वरूण धवन की अपकमिंग फिल्मों की बात करें तो उन्होंने दिनेश विजान की हॉरर यूनिवर्स में कदम रख दिया है भेड़िया के साथ। फिल्म का पोस्टर और फर्स्ट लुक भी बाहर आ चुका है। इस फिल्म में वरूण धवन, कृति सैनन के साथ दिखाई देंगे। और माना जा रहा है कि ये हॉरर यूनिवर्स आगे चलकर स्त्री और रूही के साथ मिलकर कोई धमाका करेगी। इसके अलावा वो श्रीराम राघवन की अरूण खेतरपाल बायोपिक कर रहे हैं जिसका नाम है इक्कीस। इस फिल्म की शूटिंग लगातार टलती जा रही है।

2022 होगा खास साल
2022 में वरूण धवन की दो फिल्में रिलीज़ के लिए तैयार हैं। भेड़िया के अलावा उनकी धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ जुग जुग जीयो भी रिलीज़ के लिए तैयार है। ये फिल्म पूरी तरह से एक फैमिली ड्रामा है जहां वरूण धवन के साथ कियारा आडवाणी, अनिल कपूर, नीतू कपूर और प्राजक्ता कोहली नज़र आएंगे। वरूण धवन की कई फिल्में फिलहाल अटक चुकी हैं जिनमें धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ रणभूमि शामिल है। वहीं आलिया भट्ट के साथ दुल्हनिया सीरीज़ की अगली फिल्म की अफवाहें भी अब फीकी पड़ चुकी हैं।

जान्हवी को भी मिले सफल प्रोजेक्ट्स
जान्हवी कपूर को शानदार प्रोजेक्ट्स का साथ भी बखूबी मिला है। उन्होंने धड़क के बाद ज़ोया अख्तर की फिल्म घोस्ट स्टोरीज़ में काम किया। नेटफ्लिक्स पर ये फिल्म नहीं चली लेकिन जान्हवी के काम की जमकर तारीफ हुई। इसके बाद जान्हवी कपूर की अगली फिल्म गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई। लेकिन इस बार उनके काम को काफी सराहा गया।

इंटरनेशल सीरीज़ सिटाडेल के साथ डेब्यू
इस बीच वरूण धवन अपना डिजिटल डेब्यू करने की भी तैयारी कर रहे हैं इंटरनेशनल वेब सीरीज़ सिटाडेल के साथ। इस सीरीज़ की हीरोइन हैं प्रियंका चोपड़ा। प्रियंका चोपड़ा अपनी इंटरनेशनल सीरीज़ की शूटिंग शुरू कर चुकी हैं वहीं वरूण धवन इसके इंडिया चैप्टर की शूटिंग जल्दी ही शुरू करेंगे। माना जा रहा है कि अमेज़ॉन प्राईम वीडियो के लिए ये सीरीज़ 2022 में रिलीज़ होगी।

जान्हवी की भी कई फिल्में पाईपलाईन में
जान्हवी कपूर को धर्मा प्रोडक्शन्स के साथ धड़क और गुंजन सक्सेना के बाद तीन फिल्में करने थीं।जहां तख्त, डिब्बाबंद हो गई वहीं दूसरी तरफ उनकी फिल्म दोस्ताना 2 काफी ज़्यादा पीछे छूट चुकी है। इसके अलावा जान्हवी कपूर को मिस्टर लेले करनी थी लेकिन वो फिल्म ठीक समय पर शुरू नहीं हो पाई और जान्हवी को इसे छोड़ना पड़ा। मिस्टर एंड मिसेज़ माही और कयोज़ ईरानी की फिल्म के अलावा, जान्हवी गुड लक जेरी और हेलेन रीमेक, मिली की शूटिंग पूरी कर चुकी है।


Click it and Unblock the Notifications











