'मेरा और मल्लिका का अंदाज़ जुदा'

डांस रियलिटी शो चक धूम धूम में बतौर जज नज़र आएंगी उर्मिला मातोंडकर.
टीवी पर आने वाले डांस रियलिटी शो चक धूम धूम में जज के तौर पर मल्लिका शेरावत की जगह लेने वाली उर्मिला मातोंडकर कहती हैं शो में उनका अंदाज़ बिलकुल अलग होगा.
मुंबई में शो के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए उर्मिला कहती हैं, "मैं किसी की जगह नहीं ले रही हूं. चैनल वालों ने मुझसे संपर्क किया. मुझे ये प्रस्ताव काफ़ी दिलचस्प लगा तो मैंने हां कह दिया."
मल्लिका शेरावत बतौर जज काफ़ी शेरो-शायरी करती नज़र आती थीं. ऐसे में उर्मिला का स्टाइल क्या होगा? ये पूछने पर उर्मिला ने चुटकी लेने के अंदाज़ में कहा, "मेरा स्टाइल वो रहेगा जिससे मेरा व्यक्तित्व लोगों के सामने आए. मैं पहले से तैयार किए हुए डायलॉग या किसी की बताई हुई बातें इस शो में नहीं कहूंगी."
दरअसल चक धूम धूम शो में मल्लिका शेरावत, जावेद जाफ़री और टेरेंस लुईस को बतौर जज चुना गया था. ख़बरों के मुताबिक मल्लिका शेरावत के नखरों से परेशान होकर उन्हें इस शो से निकालने का फ़ैसला किया गया और फिर उनकी जगह उर्मिला को लाया गया.
प्रतियोगियों को परखते वक़्त उर्मिला किन बातों का ख़ास ख़्याल रखेंगी. ये पूछने पर उर्मिला कहती हैं, "डांस दिल से करना चाहिए. तभी वो लोगों को छू पाता है. डांस में तकनीक और भावनाओं का मिश्रण होना चाहिए."
उर्मिला आजकल फ़िल्मों में बहुत कम नज़र आती हैं. इसकी वजह बताते हुए वो कहती हैं, "मैं ज़्यादा काम में नहीं बल्कि गुणवत्ता में यकीन रखती हूं.लगातार काम करते चले जाने से तो अच्छा है कि कम काम करो, लेकिन बढ़िया काम करो."


Click it and Unblock the Notifications











