लाइट, कैमरा, एक्शन छोड़ इस एक्टर ने चुनी अफसरशाही, वर्दी अपनाई और अब कर रहे देश की सेवा

Actor turned IPS Officer: मनोरंजन की दुनिया में हर दिन नए चेहरे आते हैं, कुछ स्टार बनते हैं, कुछ गुम हो जाते हैं, लेकिन कुछ ऐसे होते हैं जो अपनी कहानी खुद अपनी मेहनत से लिखते हैं और एक नए आयाम को पा लेते हैं। अभय डागा की कहानी भी ऐसी ही है, बिल्कुल किसी फिल्म की तरह, लेकिन ये कहानी पर्दे की नहीं, असल जिंदगी की है।
एक एक्टर की अनसुनी कहानी
एक जमाना था जब अभय टीवी स्क्रीन पर नजर आते थे, लोगों को अपनी एक्टिंग से इंप्रेस करते थे। स्टार प्लस के मशहूर शो 'सिया के राम' में उन्होंने ऐसा रोल किया जो दर्शकों के दिल में बस गया। लेकिन जहां बाकी लोग ग्लैमर की दुनिया में खो जाते हैं, वहीं अभय ने एक्टिंग को बाय-बाय बोलकर एक ऐसा रास्ता चुना, जिसके बारे में कोई सोच भी नहीं सकता। जी हां, एक्टिंग छोड़कर वो बने एक IPS अफसर।
पकड़ी अनोखी राह
पहले IITian, फिर Microsoft में पेशा और अब IPS! एक नहीं, तीन-तीन करियर में टॉप पर
पहुंचने वाले अभय डागा सिर्फ एक अच्छे एक्टर नहीं थे, वो काफी समझदार और इंटेलिजेंट भी हैं। IIT खड़गपुर से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की, फिर माइक्रोसॉफ्ट जैसी इंटरनेशनल कंपनी में साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट बन गए। लेकिन साहब का मन तो एक्टिंग करने में लगा था। कॉलेज के दिनों से थिएटर का शौक और फिर कैमरे पर कमाल दिखाने की बारीक समझ- मतलब, दिमाग से इंजीनियर और दिल से आर्टिस्ट। और शायद यही कॉम्बो उन्हें IPS बनने के रास्ते पर ले गया।
एक्टिंग छोड़कर की UPSC की तैयारी
जब देश COVID से जूझ रहा था, तब अभय एक और ही लड़ाई लड़ रहे थे और वो लड़ाई थी अपने सपनों की। 2021 में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट की शानदार जॉब को छोड़ दिया, एक्टिंग से ब्रेक लिया और लग गए UPSC की तैयारी में।
कोई सोच भी नहीं सकता था कि जो शख्स कभी एक्टिंग करता था, वही अब किताबों के पीछे दिन-रात खपाएगा। लेकिन मेहनत रंग लाई, 2023 में उन्होंने पहली ही बार में UPSC क्लीयर कर लिया और पूरे देश में 185वीं रैंक ले आए।
देश के लिए ड्यूटी पर अभय
2024 में उन्होंने हैदराबाद की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में ट्रेनिंग शुरू की और 2025 में उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर अलॉट हुआ। अब वो पुलिस वर्दी में देश की सेवा कर रहे हैं। कोई स्क्रिप्ट नहीं, कोई कैमरा नहीं, बस रियल एक्शन।
महाराष्ट्र के रहने वाले अभय फिलहाल एक्टिंग से दूरी बनाए हुए हैं, लेकिन लोगों को आज भी उनकी कहानी से मोटिवेशन जरूर मिलता है।


Click it and Unblock the Notifications


