TMMTMTTM Advance Booking: क्रिसमस पर कार्तिक आर्यन का धमाका! एडवांस बुकिंग ने उड़ाए होश, टूटेगा रिकॉर्ड?
Tu Meri Main Tera advance booking report: साल 2025 रोमांटिक फिल्मों के लिए अच्छा माना जा रहा है। इस जॉनर की कई फिल्मों को दर्शकों का प्यार मिला, लेकिन कुछ रोमांटिक और रोम-कॉम फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप भी रहीं। 'लवयापा', 'मेरे हसबैंड की बीवी', 'परम सुंदरी', 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' और 'दे दे प्यार दे 2' जैसी फिल्मों ने उम्मीद के मुताबिक कमाई नहीं की।

ऐसे में आने वाली रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी' को लेकर इंडस्ट्री की नजरें टिकी हुई हैं।
एडवांस बुकिंग से मिले पॉजिटिव संकेत
कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की इस फिल्म की रिलीज 25 दिसंबर 2025 को तय है। रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े मेकर्स के लिए राहत की खबर लेकर आए हैं। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, पहले ही दिन फिल्म के करीब 17 हजार टिकट बिक चुके हैं।
अब तक फिल्म ने बिना ब्लॉक सीट के लगभग 72.78 लाख रुपये की कमाई कर ली है, जबकि ब्लॉक सीट के साथ यह आंकड़ा 1.09 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इन आंकड़ों से साफ है कि दर्शकों में फिल्म को लेकर अच्छा क्रेज देखने को मिल रहा है।
'धुरंधर' से होगी सीधी टक्कर
हालांकि फिल्म के सामने चुनौती भी कम नहीं है। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' से होगा, जो रिलीज के 18 दिन बाद भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी इस कड़े मुकाबले में कितना टिक पाती है और क्या यह साल की सबसे बड़ी रोम-कॉम हिट बन पाएगी या नहीं।
कहानी और स्टारकास्ट
फिल्म की कहानी दो ऐसे लोगों पर आधारित है, जो खुद को समझने की प्रक्रिया में एक-दूसरे से प्यार कर बैठते हैं। लेकिन पारिवारिक दबाव और उम्मीदें उनके रिश्ते की राह में मुश्किलें खड़ी कर देती हैं। हालात ऐसे बन जाते हैं कि उनके पास सिर्फ दोबारा मिलने की उम्मीद ही बचती है।
इस फिल्म में कार्तिक आर्यन, अनन्या पांडे, जैकी श्रॉफ, नीना गुप्ता, अरुणा ईरानी और टीकू तलसानिया अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन समीर संजय विद्वांस ने किया है। वहीं, इसके प्रोड्यूसर हैं करण जौहर, शरीन मंत्री केडिया, किशोर अरोड़ा और अदार पूनावाला।
म्यूजिक और रिलीज डेट
फिल्म का म्यूजिक विशाल-शेखर और हितेश सोनिक ने तैयार किया है। करीब 2 घंटे 24 मिनट की अवधि वाली यह फिल्म 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना यह है कि क्या यह फिल्म रोमांटिक फिल्मों के कमजोर रिकॉर्ड को तोड़कर बॉक्स ऑफिस पर नई कहानी लिख पाएगी या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications











