बीबीसी टेक वन

दीप्ति कार्की
बीबीसी संवाददाता
रेखा पर उम्र का कोई असर नज़र नहीं आता
अगर हिंदी सिनेमा जगत में कोई ऐसी अदाकारा हैं जिन पर उम्र का कोई असर नज़र नहीं आता तो वो हैं रेखा.
इस हफ्ते रेखा अपना 56 वाँ जन्मदिन मना रही हैं.
रेखा ने कई यादगार किरदार निभाए है. इनमे से एक है उमराव जान. उमराव जान का निर्देशन किया था मुज़फ्फर अली ने.
मुज़फ्फर कहते हैं रेखा से बेहतर ये किरदार कोई और निभा ही नहीं सकता था. उनके अनुसार रेखा की आँखों में जो कैफ़ियत है वो किसी और में कहाँ.
मुज़फ्फर अली की बात से इतेफ़ाक रखते हैं निर्देशक प्रदीप सरकार भी. प्रदीप की फ़िल्म परिणीता के एक गाने में रेखा ने अभिनय किया है. प्रदीप कहते हैं रेखा आप पर जादू कर देती हैं. उनके मुताबिक़ रेखा का नशा सर चढ़ कर बोलता है.
वहीं निर्देशक श्याम बेनेगल कहते हैं कि अभिनेत्री रेखा एक सम्पूर्ण अदाकारा हैं. किरदार चाहे किसी भी तरह का हो रेखा उसे बख़ूबी निभा सकती है. साथ ही बेनेगल रेखा की यादाश्त की भी तारीफ कर रहे हैं.
एक लम्बे अरसे के बाद नीतू कपूर बड़े परदे पर वापसी कर रही हैं
इस हफ्ते बीबीसी टेक वन में आप सुन सकते हैं गुलज़ार को भी. जो कहते हैं की वो जान पूछ कर कम काम करते हैं. साथ ही वो ये भी चाहते हैं की नई प्रतिभाओं को मौका मिले. कार्यक्रम में हमेशा की तरह बात हो रही है इस हफ्ते रिलीज़ हो रही फ़िल्मों की भी. इस हफ्ते रिलीज़ हो रही है फ़िल्म दो दूनी चार. फ़िल्म में हैं ऋषि कपूर और नीतू कपूर. एक लम्बे अरसे के बाद नीतू कपूर ने बड़े परदे पर वापसी की है.
फ़िल्म में ऋषि एक अध्यापक की भूमिका में हैं. फ़िल्म एक मध्यम वर्गीय परिवार के इर्द-गिर्द घुमती है. नीतू अपने किरदार के बारे में कहती हैं की वो कुसुम दुग्गल की भूमिका कर रही हैं जो एक कंजूस गृहणी है. फ़िल्म का निर्देशन किया है हबीब फैसल ने. बीबीसी फ़िल्म समीक्षक नम्रता जोशी को भी बहुत उम्मीदें हैं इस फ़िल्म से. वो कहती हैं की ऋषि नीतू की जोड़ी का बड़े परदे पर लौटना इस फ़िल्म की खास बात है. इस हफ्ते जो दूसरी फ़िल्म रिलीज़ हो रही है उसका नाम है क्रूक. फ़िल्म का निर्देशन किया है मोहित सूरी ने और मुख्य भूमिका में हैं इमरान हाश्मी.
नम्रता से आप पिछले हफ्ते रिलीज़ हुई फ़िल्मों अंजना अनजानी और रोबोट की बॉक्स ऑफिस सफलता के बारे में भी सुन सकते हैं.


Click it and Unblock the Notifications