'टाइगर जिंदा है' डायरेक्टर अली अब्बास जफर बने पिता, पोस्ट शेयर कर फैंस को बताया बेटी का नाम
डायरेक्टर अली अब्बास जफर और एलिसिया जफर के घर किलकारियां गुंजी हैं। अली अब्बास जफर पिता बन गए हैं उनकी पत्नी एलिसिया जफर ने बेटी को जन्म दिया है। डायरेक्टर ने 25 सितंबर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस खुशखबरी को शेयर किया है और साथ ही बेटी का नाम भी बताया है। अली ने बेटी का नाम रखा है अलीजा जहरा जफर।
अली अब्बास जफर ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- "एलिसिया और मैंने अपनी जर्नी प्यार के साथ शुरू की जो सीमाओं, रंग और जाति से परे है। हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हम एक-दूसरे को मिले और शादी की। अब लगभग दो साल बाद हम अपनी जिंदगी में सुंदर उपहार के साथ हमें अल्लाह का आशीर्वाद देने के लिए आभारी हैं। वह 24 सितंबर की मध्यरात्रि 12:25 बजे हमारी जिंदगी में आई। कृपया खुशी से उसका स्वागत करें। अलीजा जहरा जफर.."

बता दें कि अली अब्बास जफर ने एलीसिया से देहरादून में साल 2021 में शादी की थी। इन्होंने बेहद सादगी से शादी की थी। ना मीडिया मौजूद थी, ना फिल्म इंडस्ट्री से बहुत ज्यादा सितारे। दोनों ने एक-दूसरे को करीब तीन साल तक डेट करने के बाद शादी की। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म टाइगर जिंदा है के सेट पर हुई थी।
फिल्मों की बात करें तो सुल्तान, टाइगर जिंदा है और भारत जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके अली अब्बास जफर की अगली फिल्म है 'बड़े मियां छोटे मियां', जिसमें अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ दिखाई देंगे।
इसके अलावा अफवाहों में हैं कि अली ने एक बार फिर सलमान खान को अपनी आने वाली फिल्म के लिए साइन किया है। कहा जा रहा है कि ये फिल्म भी एक एक्शन फिल्म होगी। सलमान खान ने इस फिल्म के लिए हां कर दी है। ये फिल्म साल 2024 में रिलीज हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications











