New Year: अपने 'त्रिमूर्ति' संग समय गुजारेंगे शाहरूख खान
सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी दो दिन की छुट्टी को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह न्यू ईयर छुट्टी शाहरूख अपने बच्चों के साथ मनाने वाले हैं। साल की शुरूआत किंग खान अपने परिवार के साथ अच्छा समय गुजार कर करना चाहते हैं। आपको बता दें, शाहरूख खान पूरे परिवार के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के लिए दुबई गए हुए हैं। वहां उनके तीनों बच्चे आर्यन, सुहाना और अबराम मौजूद हैं।

अपनी इस खुशी को जाहिर करते हुए शाहरूख ने बीती रात 2.30 बजे ट्विट किया है कि "मेरे पास मेरी त्रिमूर्ति के साथ बिना किसी शर्त एवं रोकटोक के बिताने के लिए 48 घंटे हैं। मैं बस तुम तीनों के साथ समय बिताना चाहूंगा.. आर्यन, सुहाना, अबराम।"
गौरतलब है कि इस साल शाहरूख खान ने 'हैप्पी न्यू ईयर' जैसी सफल फिल्मों से बॉलीवुड को नवाजा है। लिहाजा, न्यू ईयर सेलिब्रेशन तो बनता है। वहीं साल के अंतिम दिन रेड चीलीज इंटरटेंनमेंट ने फिल्म हैप्पी न्यू ईयर को मिस्र में भी रिलीज किया है। माना जा रहा है कि विश्व भर में फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए निर्माताओं ने यह निर्णय लिया है।
बहरहाल, हम भी आपके दो दिनों की छुट्टी में खलल नहीं डालेंगे शाहरूख, आपको और आपके परिवार को नववर्ष की शुभकामनाएं।


Click it and Unblock the Notifications