'ये सुपरस्टार्स का अंतिम युग है, शाहरुख, सलमान, अक्षय को भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहिए', बोले निर्देशक
निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म 'हंगामा 2' ओटीटी पर रिलीज हो चुकी है। मौजूदा दौर में फिल्मों और कंटेंट पर बात करते हुए निर्देशक ने कहा कि जल्द ही एक फिल्म की सुपरस्टार उसके एक्टर नहीं, उसकी कहानी होगी। बॉलीवुड को हेरा- फेरी, भूल भुलैया, हंगामा, गरम मसाला, विरासत जैसी फिल्में दे चुके निर्देशन ने कहा कि फिल्म जगत में यह सुपरस्टार्स का अंतिम युग है।
प्रियदर्शन ने अपने चार दशक लंबे करियर में कॉमेडी से लेकर इमोशनल ड्रामा तक कई भाषाओं में फिल्में बनाई हैं। उन्होंने कहा, आज के दर्शक उन फिल्मों को नकार देते हैं जिनमें वास्तविकता नहीं होती।

उन्होंने आगे कहा, "फिल्म उद्योग बदल रहा है। मुझे लगता है कि यह सुपरस्टारों का अंतिम युग है। जो भी इसे आज एन्जॉय कर रहे हैं, शाहरुख, सलमान से लेकर अक्षय तक, उन्हें भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहिए। कल फिल्म का कंटेंट इनके स्टारडम पर भारी पड़ेगा।"
निर्देशक ने कहा, "मैं देख रहा हूं कि कैसे फिल्में और अधिक वास्तविक होती जा रही हैं। अब आप कहानी को बढ़ा-चढ़ा कर नहीं दिखा सकते। कॉमेडी या गंभीर फिल्म में भी उन्हीं चीजों को दिखाया जा सकता है जो विश्वास करने लायक हों। मुझे नहीं लगता कि कोई फिल्म असफल होगी यदि उसमें विश्वास करने लायक कंटेंट हो।"
प्रियदर्शन ने तमिल, तेलुगु, मलयालम और हिंदी भाषाओं में फिल्में बनाई हैं। उनकी चर्चित हिंदी फिल्मों में विरासत, हेरा फेरी, हंगामा, हलचल, गरम मसाला, मालामाल वीकली, चुप चुपके, भूल भुलैया, दे दना दन, बिल्लू शामिल हैं।
वहीं, उनकी आने वाली फिल्मों में अक्षय कुमार के साथ एक कॉमेडी ड्रामा फाइनल है। रिपोर्ट्स की मानें तो ये फिल्म अगले साल यानि की 2022 में फ्लोर पर आ जाएगी। अक्षय और प्रियदर्शन लगभग 11 सालों के बाद साथ आ रहे हैं। पीटीआई से बात करते हुए प्रियदर्शन ने बताया, "ये फिल्म कॉमेडी और इमोशन से बनेगी। आप कह सकते हैं कि फिल्म में 70 प्रतिशत कॉमेडी होगी और 30 प्रतिशत क्लाइमैक्स में इमोशन्स होंगे.."


Click it and Unblock the Notifications












