एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी के घर में चाकू और नकली बंदूक लेकर घुसा अज्ञात शख्स, हाथापाई में पिता घायल
हिंदी और मराठी फिल्मों की एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी के घर मंगलवार (25 मई) की सुबह एक हादसा हो गया, जब एक अज्ञात शख्स उनके घर में घुस आया। शख्स के पास नकली बंदूक और चाकू था। उसके साथ हुई हाथापाई में सोनाली के पिता मनोहर कुलकर्णी घायल हो गए। पुलिस ने 24 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की छानबीन चल रही है।
आरोपी अजय शेगटे सुबह अचानक सोनाली के घर आ गया। उस समय सोनाली के माता-पिता घर पर ही थे। अजय जब सोनाली के घर में घुसा उस वक्त अभिनेत्री के पिता ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने उनके ऊपर चाकू से हमला कर दिया। इस हाथापाई सोनाली के पिता को चोट आई हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह के समय यह व्यक्ति हाथ में खिलौने वाली बंदूक और चाकू लेकर अपार्टमेंट की छत पर चढ़ गया। परिवार की घरेलू सहायिका ने उसे देख लिया। उस व्यक्ति ने कहा कि पुलिस उसका पीछा कर रही है और उसे छिपने की जगह चाहिए।
सोनाली के पिता ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी अजय ने उन पर चाकू से वार कर दिया। जब यह व्यक्ति अपार्टमेंट से भागा तब शोर सुनकर वहां के निवासियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बता दें, सोनाली मराठी फिल्म इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस हैं। वहीं, उन्होंने ग्रैंड मस्ती, सिंघम रिटर्न्स जैसी हिंदी फिल्मों में भी काम किया है।


Click it and Unblock the Notifications