अपनी फेवरेट मूवी का लुत्फ उठा रहे थे लोग, तभी फिल्म देखने वालों पर टूट पड़ी थिएटर की छत और...

Theatre Ceiling Collapses: तेलंगाना के महबूबाबाद जिले में बुधवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। जब लोग थिएटर में धनुष और रश्मिका मंदाना की फिल्म कुबेरा देख रहे थे, तभी अचानक थिएटर की छत का हिस्सा गिर गया, जिससे वहां मौजूद कई लोग घायल हो गए।
यह घटना मुकुंदा थिएटर में हुई। दर्शकों ने बताया कि वे फिल्म में मग्न थे, तभी अचानक ऊपर से छत टूटकर गिर गई। हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अफरा-तफरी का माहौल
हादसे के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें थिएटर की पहली कुछ लाइनों पर छत के हिस्से गिरते दिख रहे हैं। हादसे से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन इसके बावजूद स्क्रीन पर फिल्म चलती रही।
कुछ दर्शक गुस्से में थिएटर मैनेजमेंट से भिड़ गए। उनका कहना था कि वे परिवार के साथ फिल्म देखने आए थे, न कि घायल होने। उन्होंने थिएटर मैनेजमेंट पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बॉक्स ऑफिस पर हिट हो रही 'कुबेरा'
इस हादसे के बावजूद फिल्म कुबेरा दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। धनुष और रश्मिका मंदाना की एक्टिंग की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं।
क्या है कहानी
फिल्म में नागार्जुन, जिम सरभ और दलिप ताहिल भी अहम रोल में नजर आएंगे। कहानी एक ऐसे भिखारी की है, जो लालच में डूबा होता है, लेकिन बाद में वो खुद को बदलने की कोशिश करता है और एक नई राह पर निकल पड़ता है।
कमाई में भी शानदार प्रदर्शन
अब तक यह फिल्म भारत में 65 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है और आगे भी अच्छा परफॉर्म करने की उम्मीद है।


Click it and Unblock the Notifications