पंजाब बाढ़ में मदद के लिए खुद पहुंचा असली हीरो, रणदीप हुड्डा की तस्वीरें वायरल

Randeep Hooda Punjab Flood- पंजाब में आई बाढ़ की तबाही के बीच, अभिनेता रणदीप हुड्डा ने गुरदासपुर में प्रभावित परिवारों का साथ देने के लिए कदम बढ़ाया है। पिछले कुछ हफ़्तों से भारी बारिश और नदियों के उफ़ान ने पंजाब को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस आपदा ने हज़ारों परिवारों को बेघर कर दिया, घर, फ़सलें, पशुधन और रोज़गार तक सब तबाह कर दिया। गुरदासपुर उन ज़िलों में से एक है जहाँ लोग अब भी मुश्किल हालात से जूझ रहे हैं।
रणदीप हुड्डा लंबे समय से ग्लोबल सिख्स एनजीओ के फ़ाउंडर अमरप्रीत सिंह और अपने क़रीबी दोस्त मनिंदर सिंह के साथ जुड़े हुए हैं। कश्मीर से लेकर केरल तक, मणिपुर से लेकर महाराष्ट्र और अब पंजाब-यह टीम पिछले 10 सालों से हर संकट की घड़ी में राहत पहुँचाती रही है।
एक सूत्र ने बताया, "रणदीप हमेशा से ऐसे कठिन समय में लोगों के साथ खड़े रहना चाहते हैं। इस बार भी वे खुद पंजाब आए ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत और मदद पहुँचाई जा सके। वे एनजीओ के साथ मिलकर राहत और पुनर्वास कार्य में जुटे, बाढ़ से प्रभावित इलाक़ों में जाकर परिवारों से मिले, उनकी समस्याएँ सुनीं और भरोसा दिलाया कि उनकी मदद लगातार जारी रहेगी।"
ग्लोबल सिख्स एनजीओ के वॉलंटियर्स लगातार राहत सामग्री बाँट रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुँचाने में लगे हुए हैं। बाढ़ भले ही तबाही छोड़ गई हो, लेकिन रणदीप की मौजूदगी जैसे छोटे-छोटे क़दम यह याद दिलाते हैं कि पंजाब के लोग इस सफ़र में अकेले नहीं हैं।


Click it and Unblock the Notifications











