Exclusive: दिल्ली मर्डर केस पर बोले द केरल स्टोरी के निर्माता विपुल शाह- 'घटना को किसी भी धर्म से जोड़ना गलत'

Vipul Shah on Delhi Murder Case: देश की राजधानी दिल्ली में 20 साल के साहिल ने बहुत ही बर्बरतापूर्ण तरीके से 16 वर्षीय साक्षी की हत्या कर दी। युवक ने पहले लड़की पर चाकू के लगातार वार किया, फिर उसका सिर पत्थर से कुचल डाला। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसे देखकर हर कोई हैरान और गुस्से में हैं।
जहां कुछ लोग इस नृशंस हत्या के आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे हैं, वहीं कुछ इस पर फिर धर्म की राजनीति कर रहे हैं। इस घटना पर अब 'दे केरल स्टोरी' के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह का रिएक्शन सामने आया है।
विपुल शाह ने दिया रिएक्शन
फिल्मीबीट से बात करते हुए विपुल शाह ने दिल्ली में हुई साक्षी हत्याकांड पर निराशा जताई है और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलने की बात कही है। निर्माता ने कहा, "दिल्ली की जो घटना है, उसे किसी भी धर्म से जोड़ना गलत है। जिस इंसान ने इस बर्बरता के साथ किसी की हत्या की है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और मुझे लगता है कि पूरा देश यही चाहता है।"
आतंकी का कोई धर्म नहीं होता
विपुल शाह ने आगे कहा, "ऐसी भयानक कृत्य को किसी भी धर्म से नहीं जोड़ा जा सकता है। और यही बात हमने अपनी फिल्म द केरल स्टोरी में भी कही है, लेकिन जो विरोध करने वाले हैं, वो कहते हैं कि हम किसी एक समाज के विरोध में हैं। अब वो लोग दिल्ली की घटना पर क्या बोलना चाहेंगे? इस लड़के को किस समाज से या किस धर्म से जोड़ेंगे? हम तो हमेशा से यही कहते आए हैं कि आतंकी का कोई धर्म नहीं होता है, ये आतंकवादी हैं और इनको सिर्फ और सिर्फ सजा मिलनी चाहिए।"
द केरल स्टोरी का विरोध करने वालों को शर्म आनी चाहिए
निर्माता ने अंत में कहा, "अगर ये वाकया होने के बाद भी, कोई हमारी फिल्म को ये कहकर गलत साबित करने की कोशिश करता है कि हम किसी धर्म के विरोध में हैं तो उन्हें शर्म आनी चाहिए। उन्हें उस लड़की के मां- बाप के सामने जाकर ये बात कहनी चाहिए, तब उनको पता चलेगा कि उन्हें कितनी बद्दुआएं मिलेंगी। हम सही को सही बोलना सीख जाएं और जो सच्चाई है उसे लोगों के सामने ले आने से डरना बंद कर दें, तो ये हमारे देश के लिए और पूरी दुनिया के लिए बहुत अच्छी बात होगी।"
बता दें, दिल्ली मर्डर केस के आरोपी को सोमवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में गिरफ्तार किया गया था और मंगलवार को उसे दो दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। दिल्ली पुलिस गुरुवार को साहिल को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करेगी।


Click it and Unblock the Notifications











