साउथ सुपरस्टार वेंकटेश के साथ बनी सलमान खान की ब्लॉकबस्टर जोड़ी, साजिद नाडियाडवाला की फिल्म
सलमान खान के पास इस समय अलग अलग फ्लेवर की फिल्में हैं। टाईगर 3 में वो एक्शन करते दिखाई देंगे तो पठान में उसी लुक में कैमियो। इसके अलावा वो साजिद नाडियाडवाला के साथ कभी ईद कभी दिवाली में फैमिली ड्रामा करते दिखाई द सकते हैं तो दूसरी तरफ ब्लैक टाईगर रवींद्र कौशिक बनने की भी तैयारी कर रहे हैं।
इन सबके बीच अब खबर है कि साजिद नाडियाडवाला की अगली फिल्म के लिए सलमान खान, साउथ सुपरस्टार वेंकटेश के साथ नज़र आने वाले हैं। फिल्म एक एक्शन कॉमेडी होगी।

इस फिल्म में सलमान खान, पूजा हेगड़े के अपोज़िट नज़र आएंगे। वहीं वेंकटेश के अपोज़िट एक हीरोइन की तलाश की जा रही है जो कि साउथ का ही जाना माना चेहरा होगी। ये फिल्म कई भाषाओं में बनाई जाएगी और बॉक्स ऑफिस पर इसके ब्लॉकबस्टर होने के पूरे चांस है। फिल्म को डायरेक्ट करेंगे साजिद - फरहाद फेम फरहाद सामजी।

25 साल बाद कमबैक
इस फिल्म का नाम फिलहाल तय नहीं किया गया है। वेंकटेश इस फिल्म के साथ 25 साल बाद कमबैक कर रहे हैं। आखिरी बार वेंकटेश, रवीना टंडन के अपोज़िट तकदीरवाला नाम की फिल्म में दिखाई दिए थे। 25 साल बाद वो हिंदी फिल्मों में अपनी वापसी करेंगे। वेंकटेश तेलुगू फिल्मों के सुपरस्टार हैं और अपने करियर की शुरूआत में कैटरीना कैफ ने भी उनके साथ कुछ तेलुगू फिल्में की हैं।

अनाड़ी से डेब्यू
वेंकटेश ने हिंदी फिल्मों में अपना डेब्यू किया था फिल्म अनाड़ी के साथ। फूलों सा चेहरा तेरा गाते हुए उनका भोला सा चेहरा हर किसी को याद है। ये फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आई थी और हिंदी सिनेमा के इतिहास की यादगार फिल्मों में से एक है।

तेलुगू डेब्यू की तैयारी!
दूसरी तरफ बात करें सलमान खान की तो हाल ही में उन्होंने मुलाकात की एस एस राजामौली से जिसके बाद सलमान खान के तेलुगू डेब्यू की अफवाहें उड़ने लगीं। दिलचस्प है कि राजामौली, सलमान खान को अपने पिता के वी विजयेंद्र प्रसाद की लिखी फिल्म बजरंगी भाईजान में डायरेक्ट करने वाले थे। लेकिन उस वक्त वो बाहुबली में काफी ज़्यादा व्यस्त थे। ऐसे में हो सकता है कि फैन्स जल्दी ही राजामौली और सलमान खान की जोड़ी को कमाल करते देख लें।

टाईगर 3 की तैयारी में व्यस्त
इस समय सलमान खान सबसे ज़्यादा अपनी फिल्म टाईगर 3 की तैयारी में व्यस्त हैं। इस फिल्म में एक बार फिर वो टाईगर की भूमिका में कैटरीना कैफ के साथ तबाही मचाने वाले हैं। इसके बाद वो ब्लैक टाईगर के नाम से मशहूर रवींद्र कौशिक की बायोपिक में भी दिखाई देंगे।

साउथ रीमेक मास्टर
सलमान खान को हाल ही में साउथ की ब्लॉकबस्टर फिल्म मास्टर के रीमेक के लिए भी अप्रोच किया गया है और सलमान खान ने इसके लिए हामी भर दी है। इसके अलावा सलमान खान ने एक इंटरव्यू में दबंग 4 करना भी कंफर्म किया है।


Click it and Unblock the Notifications











