अभिनय के दो महारथियों का संगम: तीन पत्ती
बॉलीवुड फिल्म निर्देशक लीना यादव की दूसरी फिल्म 'तीन पत्ती' की शूटिंग पूरी हो चुकी है। फिल्म पूरी करने के बाद अगर कोई सबसे अधिक खुश है तो वह लीना हैं। लीना की खुशी की वजह अमिताभ और बेन किंग्सले हैं। फिल्म तीन पत्ती में बॉलीवुड शहंशाह अमिताभ बच्चन और ऑस्कर प्राप्त अभिनेता बेन किंग्सले दोनों ने साथ काम किया है।
लीना, बेन और अमिताभ को अभिनय का जादूगर मानती हैं। लीना कहती हैं कि दोनों ने साथ काम किया है लेकिन उनकी भूमिकाओं में टकराव नहीं है। फिल्म की पटकथा लीना यादव और शिव कुमार सुब्रमण्यम ने लिखी है। लीना कहती हैं कि फिल्म की पटकथा समाप्त होते ही उनके दिमाग में वेंकट सुब्रमण्यम के किरदार के लिए बच्चन का नाम आया और उन्होंने तय किया कि वह फिल्म तभी बनाएंगी जब बच्चन इस भूमिका को स्वीकार कर लेंगे।
बेन के बारे में लीना ने कहा कि सर बेन के किरदार के बिना फिल्म का निर्माण पूरा ही नहीं हो सकता था। यादव कहती हैं कि दोनों ही कलाकारों ने फिल्म में बेहतरीन अभिनय किया है और फिल्म में कहीं भी ऐसा नहीं लगता कि एक कलाकार दूसरे कलाकार पर हावी हो गया है।
यह फिल्म भारत और ब्रिटेन की पृष्ठभूमि पर बनी है। फिल्म की पटकथा के मुख्य तत्व लालच, छल और कल्पनाशीलता हैं। ऑस्कर विजेता अभिनेता किंग्सले ने फिल्म में महान जीवित गणितज्ञ पर्सी की भूमिका की है जबकि अमिताभ भारत के एक एकांतप्रिय और योग्य गणितज्ञ वेंकट की भूमिका में दिखेंगे। यह फिल्म इन दोनों गणितज्ञों के संबंधों की कहानी है।
फिल्म 12 फरवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।


Click it and Unblock the Notifications