'कूची कूची होता है'

'दोस्ताना' से बॉलीवुड में बतौर निर्देशक शुरुआत करने वाले तरुण मनसुखानी इन दिनों ‘कूची कूची होता है’ बनाने में व्यस्त हैं.
‘कूची कूची होता है’, 1998 में आई करण जौहर की सुपरहिट फ़िल्म 'कुछ कुछ होता है' का एनिमेशन स्वरुप है.
तरुण मनसुखानी ने कहा कि कहानी तो 'कुछ कुछ होता है' जैसी ही है लेकिन क्योंकि 'कूची-कूची होता है' में सभी किरदार जानवर हैं तो उसका आनंद कुछ और ही होगा.
मनसुखानी ने बीबीसी को बताया कि फ़िल्म की एनिमेशन लगभग पूरी हो गई और फ़िल्म दिवाली के आस-पास रिलीज़ हो सकती है.
इस फ़िल्म में शाहरुख़ ख़ान, रानी मुखर्जी और काजोल की आवाजें इस्तेमाल की जा रहीं हैं. यही तीनों ‘कुछ कुछ होता है’ में भी प्रमुख भूमिकाओं में थे.
करण जौहर ने अपने ब्लॉग पर इस फ़िल्म के बारे में लिखा है, “ये तीन कुत्तों की प्रेम-कहानी है. साथ ही इस फ़िल्म में बिल्लियों और भालुओं समेत कई और जानवर भी हैं.”
दोस्ताना
दोस्ताना की सफलता को भुनाने के लिए अब तरुण मनसुखानी दोस्ताना-2 लेकर आ रहे हैं.
मनसुखानी ने बीबीसी को बताया कि दोस्ताना-2 में जॉन अब्राहम और अभिषेक बच्चन ही होंगे. इस फ़िल्म में करीना कपूर को लेने की भी बातें सुनने में आ रही हैं.
मनसुखानी ने बीबीसी को बताया अभिषेक और करीना की जोड़ी अच्छी है लेकिन अभी उन्होंने इस बारे में अंतिम फ़ैसला नहीं किया है.
दोस्ताना की शूटिंग अप्रैल में शुरु होगी.
तरुण मनसुखानी कहते हैं कि बतौर निर्माता करण जौहर का काम करने का अपना अंदाज़ अलग ही है. मनसुखानी कहते हैं, “एक बार जब वो पटकथा को मंज़ूर कर देते हैं तो उसके बाद वो सब निर्देशक पर छोड़ देते हैं, कोई हस्तक्षेप नहीं करते.”
निर्माता करण जौहर और तरुन मनसुखानी की दोस्ती भी कोई कम नहीं है. वो जौहर के साथ अरसे से काम कर रहे हैं. मनसुखानी ‘कुछ कुछ होता है’ के असिस्टेंट डाइरेक्टर भी थे. इसके अलावा वो ‘कभी ख़ुशी कभी ग़म’ और ‘कभी अलविदा ना कहना’ से भी जुड़े थे.


Click it and Unblock the Notifications