तापसी पन्नू ने एक निशाना लगाया और वरूण से लेकर अर्जुन तक सबकी कह के ले ली!
आजकल बॉलीवुड में एक नया खुमार चढ़ चुका है - फेसएप चैलेंज। बॉलीवुड सितारे इस एप के ज़रिए अपनी तस्वीरें फोटोशॉप करके ये देख रहे हैं कि वो 70 - 80 साल की उम्र में कैसे दिखेंगे। लेकिन अब तापसी पन्नू आजकल अपने स्वैग अवतार के चरम पर चल रही हैं। वो किसी को कुछ भी कहने से पहले नहीं हिचक रही हैं और आज भी कुछ ऐसा ही हुआ।
तापसी पन्नू ने अपनी एक तस्वीर शेयर की जिसमें वो बूढ़ी नज़र आ रही थीं। और साथ में लिखा - नहीं ये उस एप से नहीं है जिसके बारे में आजकल सब पागल हुए जा रहे हैं। दरअसल, ये तस्वीर है तापसी पन्नू की अगली फिल्म सांड की आंख से। फिल्म में वो 60 साल की एक बूढ़ी दादी के किरदार में दिखाई देंगी।

गौरतलब है कि जबसे सांड की आंख का पहला पोस्टर आया था तब से इसकी काफी आलोचना हुई। सबका मानना था कि बॉलीवुड के पास शबाना आज़मी से लेकर रत्ना पाठक शाह, नीना गुप्ता से लेकर सीमा पाहवा जैसी मंझी हुई अभिनेत्रियां हैं जो उम्र के इसी पड़ाव पर हैं। ऐसे में उन्हें ना लेकर दो जवान अभिनेत्रियों को बूढ़ा दिखाने का क्या मतलब है।
तापसी और भूमि दोनों ने ही इन आलोचनाओं का विरोध करते हुए कहा कि जब बॉलीवुड हीरो मेकअप लगाकर 50 साल की उम्र में 25 साल के किरदार कर सकते हैं तो वो मेकअप लगाकर 30 साल की उम्र में 60 साल के किरदार क्यों नहीं निभा सकतीं? सांड की आंख दीवाली पर रिलीज़ हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications