Sushant Singh Rajput की बहन श्वेता ने एक्टर के फैंस से कहा- 'उसके लिए ऐसे न्याय मांगना बंद करो'

Sushant Singh Rajput Sister Post: सुशांत सिंह राजपूत का निधन एक बड़ा सदमा था। इस बात पर यकीन करना अभी भी मुश्किल है कि वह अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनकी आत्महत्या ने लोगों को अंदर से झकझोर कर रख दिया। उनके बारे में काफी कुछ कहा जा रहा था और CBI भी इसकी तलाश में जुटी थी कि ये आत्महत्या है या हत्या।
सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति अपने भाई को न्याय दिलाने के लिए कड़ी लड़ाई लड़ रही हैं और उन्हें यकीन है कि उनके भाई की हत्या की गई है। वह चाहती हैं कि CBI सच्चाई को उजागर करे ताकि सुशांत को न्याय मिल सके। सुशांत अपनी बहनों के काफी करीब थे और श्वेता भी अपने भाई को लेकर काफी इमोशनल हैं। वह जानना चाहती है कि उसके भाई की मौत के पीछे कौन है?
हालांकि, मामला अभी भी चल रहा है। सुशांत के फैंस भी गुस्से से न्याय की मांग कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर इसके बारे में बात करते रहते हैं। लेकिन कभी-कभी यह थोड़ा ज्यादा ही हिंसक हो जाता है और लोग आपस में लड़ने लग जाते हैं। अब, श्वेता सिंह कीर्ति ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट पोस्ट कर फैंस से आपस में लड़ना बंद करने और किसी और को उन्हें उकसाने ना देने को कहा है।
श्वेता सिंह कीर्ति ने सुशांत के फैंस से इस पल में एक साथ आने को कहा। उन्होंने कहा कि सुशांत के निधन के बाद वह बहुत कुछ सह चुकी हैं और उन्हें ठीक होने में समय लगेगा। लेकिन वह मानती है कि भगवान है और वह सच्चाई सामने लाएगा।
उन्होंने लिखा, 'सभी SSR वॉरियर से रिक्वेस्ट है कि वे एक साथ आएं और एक-दूसरे से लड़ना बंद करें। हम सभी एक ही परिवार हैं। कभी-कभी हम लड़ सकते हैं लेकिन कोई भी हमें तोड़ या अलग नहीं कर सकता है। आइए सभी एक बार फिर एक साथ उठें, पहले से कहीं ज्यादा मजबूत। मैं बहुत दर्द से गुजर चुकी हूं और अभी भी बहुत कुछ सह रही हूं। जब भी मुझे लगता है कि अब मैं नॉर्मल जिंदगी जी सकती हूं, कुछ न कुछ दर्द सामने आ जाता है। हीलिंग का प्रोसेस काफी धीमा है लेकिन हमें धैर्य रखने की जरूरत है। अगर मैं बार-बार अपने जख्मों को कुरेदती रहूंगी तो वो ठीक कैसे होंगे, बल्कि वो बुरे हो जाएंगे।'
उन्होंने आगे लिखा- 'जिस भाई को मैंने खो दिया है, मैंने अपने बड़े होने के दिनों का हर पल उसके साथ बिताया है। वह मेरा अभिन्न अंग था! हम एक साथ पूरे थे। लेकिन अब जब वो नहीं है तो उसकी गैरमौजूदगी को अपनाने और उसके बिना जीने की आदत डालने में समय लगेगा। लेकिन मैं एक बात निश्चित रूप से जानती हूं कि भगवान है और वह अपने सच्चे भक्तों को कभी नहीं छोड़ता है। वह जानता है कि बहुत सारे दुखते दिल हैं और वह सच्चाई जरूर सामने लाएगा। ऊपर वाले पर और उसकी कृपा पर विश्वास रखें।'
उन्होंने आगे कहा, "एकजुट रहें और कृपया एक-दूसरे से न लड़ें। जब हम प्रार्थना करते हैं, तो हम अपने दिलों को शुद्ध करते हैं और ईश्वर से मंशा जाहिर करने के लिए दिलों में जगह बनाते हैं। ईश्वर प्रेम, दया और करुणा के अलावा और कुछ नहीं है। ऐसा कहने के बाद ये नहीं कि हम न्याय के लिए अपनी आवाज उठाना बंद कर देंगे लेकिन हम इसे पूरी गरिमा और दृढ़ता के साथ करेंगे। अगर हम हिंसक होते हैं तो जल्द ही हमारी ऊर्जा खत्म हो जाती है, लेकिन जो व्यक्ति विश्वास और धैर्य के साथ आगे बढ़ता है वह कभी हार नहीं मानता है और लंबे समय मैदान में खड़ा रहता है। मैं अपने इस परिवार से यही उम्मीद करती हूं। आप लोग नहीं जानते कि आप सभी मेरे लिए कितना मायने रखते हैं। एक परिवार के रूप में हमें जो प्यार और समर्थन मिला है, उससे मेरा मानवता और भगवान में विश्वास फिर से मजबूत हो गया है। मैं सर्वशक्तिमान से प्रार्थना करती हूं कि वह हमें रोशनी की तरफ राह दिखाए।"


Click it and Unblock the Notifications