रक्षा बंधन पर भाई की याद में तड़पीं सुशांत सिंह राजपूत की बहन, बोलीं- तुम्हारी कलाई पर राखी...

दिवंगत बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत को इस दुनिया से गए हुए 3 साल हो गए हैं, लेकिन अभी भी फैंस उनके जाने का गम भुला नहीं पाए हैं। सुशांत के परिवार का भी यही हाल है, जो अक्सर एक्टर के साथ भूली-बिसरी तस्वीरें और यादें शेयर करते रहते हैं। आज यानी 30 अगस्त 2023 को जब रक्षा बंधन का त्योहार मनाया जा रहा है, तो इस मौके पर सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने प्यारी यादों को समेटे हुए अपना एक वीडियो शेयर किया है, साथ ही एक प्यारा सा नोट भी लिखा है।
30 अगस्त 2023 को रक्षा बंधन के मौके पर दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें कई यादगार तस्वीरों को जोड़ा गया है। इन तस्वीरों और वीडियो क्लिप की झलकियों में हम श्वेता के साथ सुशांत को देख सकते हैं, जो अपनी बहन के हर खास पल में उनके साथ थे। बचपन में रक्षा बंधन मनाने से लेकर श्वेता की शादी में भाई होने का फर्ज निभाने तक, वीडियो में ऐसे ही कई यादगार और भावुक पलों की झलकियां देखी जा सकती हैं।
वीडियो के साथ श्वेता ने अपने दिवंगत भाई के लिए एक प्यार भरा इमोशनल नोट भी लिखा है। उन्होंने लिखा, ''कभी लगता है तुम कहीं नहीं गए, तुम तो यहीं हो। कभी लगता है अब क्या मैं तुम्हें कभी नई देख पाऊंगी, तुमसे कभी बात नई कर पाऊंगी। तुम्हारी हंसी, तुम्हारी आवाज कभी नई सुन पाऊंगी। तुझे खोने का दर्द मैं किसी से बांटना भी चाहूं, तो ये नहीं कर सकती। यह मेरे दिल के बहुत करीब है और यह कुछ ऐसा है, जो बहुत करीब है कि आपको इसे बयां करने के लिए शायद ही शब्द मिलें।''
उन्होंने आगे लिखा, ''दर्द हर गुजरते दिन के साथ गहरा होता जा रहा है, इस भौतिक संसार की क्षणभंगुर प्रकृति को उजागर कर रहा है, जिसका एकमात्र समाधान ईश्वर है। भाई, जल्द ही तुम्हें दूसरी तरफ देखूंगी, जब तक कि मैं भी मजाक करने, मनोरंजन करने या प्रेरित करने वाली कहानी न बन जाऊं। अपनी कलाई पर राखी बांधती हूं और प्रार्थना करती हूं कि आप जहां भी हों, शांति और आनंद में रहें। बहुत टाइम हो गया। मेरी तरफ से प्यार, गुड़िया दी।''
बता दें कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके बांद्रा स्थित आवास पर पंखे से लटकता हुआ मिला था। उनकी मौत अभी भी अनसुलझी गुत्थी है। फिलहाल, आपको श्वेता द्वारा शेयर किया गया वीडियो कैसा लगा? हमें कमेंट करके जरूर बताएं।


Click it and Unblock the Notifications











