'ओए लक्की लक्की ओए' के रियल चोर बंटी की शादी की ख्वाहिश
नई दिल्ली। देशभर में घरों और दुकानों में हैरतंगेज ढंग से चोरी करके बॉलीवुड को अपनी जिंदगी पर फिल्म बनाने के लिए प्रेरित करने वाले देवेंदर सिह उर्फ सुपरचोर बंटी का दावा है कि अब वह सुधर चुका है। इन दिनों वह जासूस के रूप में काम कर रहा है। अब वह इज्जत कमाने और और एक अच्छी लड़की से ब्याह रचाने की ख्वाहिश रखता है।
देखें - ओए लक्की लक्की ओए के वॉलपेपर्स
36 साल के बंटी ने कहा, "मैं बचपन से ही जासूस बनना चाहता था लेकिन हालात ने मुझे बिल्कुल अलग रास्ते पर धकेल दिया। अब मैंने एक नई जिंदगी शुरू कर दी है। "एक बार मेरी जिंदगी व्यवस्थित हो जाए तो मैं शादी के बारे में सोचूंगा। संभवत: अगले साल मैं किसी अच्छी लड़की से शादी करूंगा।" बंटी के जीवन पर फिल्म निर्देशक दिबाकर बनर्जी ने 'ओए लकी! लकी ओए!' फिल्म बनाई है जिसे राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। इस समय बंटी, संजीव दयाल की आएडर डिटेक्शन एंड प्रोटेक्शन प्राइवेट लिमिटेड के साथ जुड़ कर एक जासूस के रूप में काम सीख रहा है।
केवल सातवीं तक पढ़े बंटी का कहना है, "मेरा प्रशिक्षण चल रहा है और मुझे यह पसंद आ रहा है। मुझे मामलों को सुलझाने के तरीकों, विभिन्न श्रेणियों, स्थान पर नजर रखने, पृष्ठभूमि कार्य, कंप्यूटर, शोध और अन्य जरूरी बातों को सिखाया जा रहा है।" मूल रूप से दिल्ली के रहने वाले बंटी ने लगभग पूरे देशभर में चोरियां की हैं। दिल्ली, चण्डीगढ़, चेन्नई, बेंगलुरु सहित कई बड़े शहर उसके निशाने पर रहे। यह भी माना जा रहा है उसने जाली पासपोर्ट से चीन की भी यात्रा की है। यह भी कहा जा रहा है कि वह हमेशा पांच सितारा होटलों में रुकता रहा है।


Click it and Unblock the Notifications











