VIDEO: बेटे बहू को लेकर बॉर्डर पर पहुंचे सनी देओल, जवानों के साथ सेलिब्रेट किया शानदार बर्थडे

Sunny Deol Wagha Border: 19 अक्टूबर को सनी देओल का 68वां जन्मदिन था। इस खास दिन पर वो अपने बेटे करण देओल और बहू द्रिशा के साथ वाघा बॉर्डर पहुंचे। वहां उन्होंने BSF (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) के जवानों से मुलाकात की और उनके साथ कुछ वक्त बिताया। सनी देओल ने बॉर्डर पर होने वाली सेरेमनी में भी हिस्सा लिया।
सनी ने इस पूरे अनुभव का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया। वीडियो में वो गाड़ी चलाते हुए दिख रहे हैं और बता रहे हैं कि वो करण और द्रिशा के साथ अटारी बॉर्डर जा रहे हैं।
वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, "हिंदुस्तान जिंदाबाद। अटारी बॉर्डर पर BSF के दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताया। करण और द्रिशा पहली बार इस सेरेमनी में शामिल हुए।"
इस वीडियो में कुछ तस्वीरें भी हैं, जिनमें सनी और उनके बेटे करण जवानों के साथ फोटो खिंचवा रहे हैं। फैंस ने इस वीडियो पर खूब प्यार दिखाया। किसी ने लिखा "भारत माता की जय", तो किसी ने सनी के देशभक्ति भरे अंदाज की तारीफ की।
सनी देओल ने एक और वीडियो भी डाला, जो रात 12 बजे का है। इसमें उन्होंने ज़ोरदार तरीके से अपना बर्थडे मनाया। खूब आतिशबाजी हुई और दोस्तों के साथ मिलकर उन्होंने खुद के लिए "हैप्पी बर्थडे" गाना गाया।
उनके इस वीडियो को देखकर लोगों ने उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दीं। एक्ट्रेस प्रीति जिंटा और उनके भाई बॉबी देओल ने भी उन्हें विश किया।
अब काम की बात करें, तो सनी देओल जल्द ही फिल्म 'बॉर्डर 2' में नजर आएंगे। इसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा वो 'लाहौर 1947' और नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण पार्ट 1 और 2' में भगवान हनुमान का रोल निभाते दिखेंगे।


Click it and Unblock the Notifications