सनी देओल हुए कोरोना पॉजिटिव- हिमाचल प्रदेश में ही हुए क्वारंटीन, खुद को किया आइसोलेट
देशभर में लगभग सभी राज्यों से लॉकडाउन हट चुका है, लेकिन कोरोना का कहर अभी साफ देखा जा सकता है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, अभिनेता और भाजपा सांसद सनी देओल कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। मंगलवार को हिमाचल के स्वास्थ्य सचिव ने इसकी जानकारी दी है। वहीं, अब सनी देओल ने भी सोशल मीडिया के जरीए फैंस को बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं।
अभिनेता ने ट्विटर पर जानकारी देते हुए लिखा- "मैंने कोरोना टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं एकांतवास में हूं और मेरी तबीयत ठीक है। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं।"

सनी के कोरोना पॉजिटिव होने की की पुष्टि हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने की है। उन्होंने बताया कि सनी देओल पिछले कुछ दिनों से कुल्लू जिले में रह रहे हैं।
सनी देओल और उनके दोस्त मुंबई के लिए रवाना होने की योजना बना रहे थे। इसी बीच सनी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। ऐसे में अभी उन्हें कुछ दिन अभी यहीं पर रुकना पड़ सकता है। फिलहाल डॉक्टर्स उनकी निगरानी कर रहे हैं। बता दें, पिछले दिनों ही सनी देओल ने मुंबई में कंधे की सर्जरी करवाई थी। जिसके बाद वह मनाली के पास एक फार्महाउस में रह रहे थे।
दो दिनों पहले ही देओल परिवार ने फिल्म 'अपने 2' की घोषणा की है, जिसमें सनी देओल, बॉबी देओल, धर्मेंद्र और करण देओल साथ दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन अनिल शर्मा करेंगे।


Click it and Unblock the Notifications