Sunny Deol: 50 करोड़ तक फीस बढ़ाने की खबरों पर सनी देओल बोले- "पैसे क्या लेने हैं, क्या नहीं लेने, ये तो.."

Sunny Deol On Fees: गदर 2 की बेजोड़ सफलता के साथ सनी देओल इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। इस एक्शन फिल्म के साथ सनी ने धमाकेदार वापसी की है। एक महीने में फिल्म ने 515 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर लिया है और ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बनकर उभरी है।
बॉक्स ऑफिस पर चल रही इस हलचल के बीच, हाल ही में अफवाहें सामने आईं कि सनी देओल ने अपनी फीस बढ़ाकर 50 करोड़ रुपये कर दी है। बता दें, गदर 2 के लिए सनी को 20 करोड़ की तगड़ी फीस मिली है। बहरहाल, अब एक्टर ने रजत शर्मा की 'आप की अदालत' में अपने इंटरव्यू के दौरान स्पष्ट किया है कि अफवाहों में कितना दम है।
किसी प्रोजेक्ट पर बोझ नहीं बनना चाहता हूं
गदर 2 की सक्सेस के बाद फीस 50 करोड़ कर देने की खबरों पर सनी देओल ने कहा, "पैसे क्या लेने हैं ये तो प्रोड्यूसर डिसाइड करता है। वो जितना कमा पाएंगे उस हिसाब से फीस देंगे। प्रोड्यूसर चाहे जितने पैसे दें मुझे उसमें कोई दिक्कत नहीं है। मुझे फिल्म करनी है तो मैं करूंगा। मैं ये नहीं कहूंगा कि कम फीस में मैं काम ही नहीं करूंगा। मैं इस तरीके से नहीं सोचता। मैं पैसों के चक्कर में किसी प्रोड्यूसर या प्रोजेक्ट पर बोझ नहीं बनना चाहता हूं।"
बता दें, खबरें हैं कि सनी देओल ने गदर-2 की सफलता के बाद अपनी फीस 80 फीसदी बढ़ा दी है। इसके अलावा वो अक्षय कुमार और शाहरुख खान की तरह फिल्म से प्रॉफिट शेयरिंग भी लेंगे।
गदर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल है। बॉलीवुड में सिर्फ दो अभिनेता हैं, जिनकी फिल्म ने 500 करोड़ का आंकड़ा पार किया है। पहले हैं शाहरुख खान, जिनकी फिल्म पठान ने 525 करोड़ की कमाई की थी.. और दूसरे हैं सनी देओल, जिनकी गदर 2 ने अब तक 515 करोड़ कमा लिया है।


Click it and Unblock the Notifications