धर्मेंद्र के अस्थि विसर्जन पर हंगामा, गुस्से में सनी देओल ने पैपराजी से छीना कैमरा और बोले- 'कितने पैसे चाहिए'

Sunny Deol angry video: हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। 24 नवंबर को मुंबई स्थित उनके घर पर उन्होंने आखिरी सांस ली। कुछ ही हफ्तों बाद उनका 90वां जन्मदिन होने वाला था। लेकिन वो अपने जन्मदिन से पहले ही इस दुनिया से चले गए।
300 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके धर्मेंद्र को कुछ दिन पहले सांस लेने में दिक्कत होने पर ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 नवंबर को उन्हें छुट्टी तो मिल गई थी, लेकिन घर लौटने के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और परिवार उन्हें बचा नहीं सका।
धर्मेंद्र की अस्थियों का विसर्जन
3 दिसंबर को हरिद्वार के हर की पैड़ी पर उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल ने परिवार के साथ मिलकर गंगा में उनकी अस्थियों का विसर्जन किया। इसी दौरान एक घटना हुई जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया।
सनी खो बैठे अपना आपा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें सनी देओल बेहद गुस्से में नजर आते हैं। यह वीडियो उस वक्त का है जब एक पपराज़ी गुपचुप तरीके से धर्मेंद्र के अस्थि विसर्जन की रिकॉर्डिंग कर रहा था।
वीडियो में सनी तेज कदमों से उस व्यक्ति की ओर बढ़ते हैं, उसका कैमरा छीन लेते हैं और सख्त लहजे में पूछते हैं- 'पैसा चाहिए? कितने पैसे चाहिए तेरे को?' सनी का यह गुस्सा समझा भी जा सकता है, क्योंकि वह अपने पिता की आखिरी विदाई के समय किसी भी तरह का दखल बर्दाश्त करने के मूड में नहीं थे।
पहले भी फोटोग्राफर्स पर भड़के थे सनी देओल
यह पहली बार नहीं है जब सनी देओल ने पैपराजी पर नाराजगी जताई हो। इससे पहले भी जब धर्मेंद्र अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे, तब उनके जुहू वाले बंगले के बाहर लगातार कैमरे लगाए गए थे। उस समय भी सनी ने फोटोग्राफर्स को कड़ी फटकार लगाई थी और कहा था- 'आपके घर में मां-बाप हैं, बच्चे हैं... ऐसे वीडियो भेजते हुए शर्म नहीं आती?'
धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा
धर्मेंद्र की अंतिम यात्रा में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे। जिनमें शामिल थे- अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, सलमान खान, आमिर खान, सलीम खान और शाहरुख खान जैसे कई दिग्गज नाम। धर्मेंद्र के सम्मान में दो प्रार्थना सभाएं रखी गईं।
हेमा मालिनी ने अपने मुंबई वाले घर पर एक शांत और आध्यात्मिक श्रद्धांजलि सभा रखी, जिसमें भजन और भगवद गीता का पाठ किया गया। वहीं सनी और बॉबी देओल ने अपने पिता की याद में मुंबई के ताज लैंड्स एंड में एक बड़ा Prayer Meet रखा, जहां फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे।


Click it and Unblock the Notifications











