स्टेज पर खुद को रोक नहीं पाए सनी देओल, पिता धर्मेंद्र का जिक्र आते ही भर आईं आंखें, बताई ये अनसुनी कहानी
Sunny Deol Border 2 Song Launch: बॉर्डर 2 में नजर आने वाले अभिनेता सनी देओल हाल ही में जैसलमेर पहुंचे। यहां फिल्म बॉर्डर के आइकॉनिक गाने 'संदेसे आते हैं' के रीमेक 'घर कब आओगे' का लॉन्च किया गया। इस इवेंट के दौरान माहौल इमोशनल हो गया, जब सनी देओल ने अपने पिता धर्मेंद्र को याद किया।

सनी देओल ने बताया कि देशभक्ति फिल्म 'बॉर्डर' करने का विचार उन्हें अपने पिता की 1964 में आई फिल्म 'हकीकत' देखकर आया था। उन्होंने कहा कि बचपन में यह फिल्म उनके दिल को छू गई थी और तभी उन्होंने ठान लिया था कि बड़े होकर वह भी अपने पिता की तरह एक यादगार देशभक्ति फिल्म करेंगे।
जेपी दत्ता के साथ लिया अहम फैसला
सनी देओल ने बताया कि जब वह एक्टर बने, तो उन्होंने अपने इस सपने को डायरेक्टर जेपी दत्ता के साथ शेयर किया। दोनों ने मिलकर सैनिकों की बहादुरी और देशप्रेम को दिखाने वाली फिल्म बनाने का फैसला किया। इसी सोच से 'बॉर्डर' जैसी ऐतिहासिक फिल्म बनी, जो आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है।
पिता को याद कर हुए भावुक
इवेंट के दौरान सनी देओल अपने पिता को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वह ज्यादा कुछ बोल नहीं पा रहे हैं क्योंकि भावनाएं उन पर हावी हो रही हैं। उन्होंने अपने पिता को अपनी प्रेरणा और ताकत बताया। इस पल को और खास बना दिया धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म 'इक्कीस', जो इन दिनों सिनेमाघरों में चल रही है।
युवाओं पर पड़ा 'बॉर्डर' का गहरा असर
सनी देओल ने यह भी साझा किया कि बॉर्डर फिल्म ने कई युवाओं को भारतीय सेना में जाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज भी जब वह सैनिकों से मिलते हैं, तो कई जवान बताते हैं कि बॉर्डर देखकर ही उन्होंने फौज जॉइन करने का फैसला किया था।
रिपब्लिक डे से पहले रिलीज होगी 'बॉर्डर 2'
बता दें कि 'बॉर्डर 2' को 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। रिपब्लिक डे वीकेंड से पहले आ रही यह फिल्म एक बार फिर देशभक्ति और जज्बे से भर देने का वादा करती है।


Click it and Unblock the Notifications











