मेरे पापा हमेशा मेरे साथ हैं , मेरे अंदर हैं.. धर्मेंद्र के बर्थडे पर सनी देओल ने शेयर किया अनसीन वीडियो

Sunny Deol Wishes Dharmendra Birthday: आज वो दिन है जिसे देओल परिवार कभी नहीं भूल पाएगा। यह पहला मौका है जब धर्मेंद्र के जन्मदिन पर वो खुद अपने परिवार के बीच मौजूद नहीं हैं। 24 नवंबर को दुनिया को अलविदा कहने के बाद आज उनका पहला जन्मदिन है, और उनका जाना परिवार और चाहने वालों के दिलों में बड़ी खाली जगह छोड़ गया है।
यदि धर्मेंद्र आज होते, तो अपने परिवार के साथ खुशी-खुशी अपना 90वां जन्मदिन मना रहे होते। लेकिन अब घर में सिर्फ उनकी यादें हैं, जिन्हें याद करते हुए परिवार के लिए यह सोमवार बहुत भारी बन गया है। इन्हीं यादों में खोकर सनी देओल ने अपने पापा का एक पुराना, बेहद प्यारा वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
वीडियो में पहाड़ों की वादियों में दिखे धर्मेंद्र
सनी द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में धर्मेंद्र खूबसूरत पहाड़ी इलाके में नजर आ रहे हैं। प्रकृति की सुंदरता को देखकर वह बेहद खुश दिख रहे हैं। सनी उनसे पूछते हैं, "तो पापा, आप इंजॉय कर रहे हैं?" इस पर धर्मेंद्र मुस्कुराते हुए कहते हैं, "मैं सच में इंजॉय कर रहा हूं, ये बहुत प्यारा है।" यह छोटा-सा वीडियो उनकी सादगी और दिलकश अंदाज़ की याद दिला जाता है।
"पापा हमेशा मेरे साथ हैं" - सनी देओल
वीडियो के साथ सनी ने दिल छू लेने वाली लाइन लिखी- "आज मेरे पापा का जन्मदिन है। पापा हमेशा मेरे साथ हैं, मेरे अंदर हैं। लव यू पापा... मिस यू।" सनी के इस पोस्ट पर इंडस्ट्री के लोगों और फैंस ने भी भावुक होकर धर्मेंद्र को याद किया। अभिनेत्री अमीषा पटेल ने भी कॉमेंट कर उन्हें सबसे दयालु और प्यारा इंसान बताया।
परिवार का बदला बर्थडे प्लान
खबरों के मुताबिक, देओल परिवार 8 दिसंबर को लोनावला फार्महाउस पर धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन मनाने वाला था, लेकिन अब उन्होंने ये दिन अपने जुहू वाले घर पर ही शांत माहौल में बिताने का फैसला किया है।
कैसे हुआ था धर्मेंद्र का निधन
89 वर्ष की उम्र में 24 नवंबर को धर्मेंद्र का निधन हुआ। महीने की शुरुआत में उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 नवंबर को उन्हें अस्पताल से घर ले आया गया और 12 दिनों तक घर पर ही उनका इलाज चलता रहा, लेकिन 24 नवंबर की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
धर्मेंद्र अपने पीछे बड़ी फिल्म विरासत, यादें और अपने चाहने वालों का ढेर सारा प्यार छोड़ गए हैं। आज उनका जन्मदिन है, और पूरा देश उन्हें स्नेह और सम्मान के साथ याद कर रहा है।


Click it and Unblock the Notifications