रिलीज से पहले ही Border 2 ने मचाया धमाल! एडवांस बुकिंग में सबको छोड़ा पीछे, टिकटों की हो रही बंपर बिक्री
Border 2 advance booking: फिल्म 'बॉर्डर 2' का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यही वजह है कि इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। इसकी एडवांस बुकिंग के शुरुआती आंकड़े फिल्म को सुर्खियों में ले आए हैं। पूरी एडवांस बुकिंग 19 जनवरी से शुरू होगी, मगर उससे पहले ही दर्शकों का एक्साइटमेंट साफ नजर आ रहा है।

23 जनवरी 2026 को रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर ओपनिंग वीकेंड से पहले ही जबरदस्त बज बना हुआ है।
शुरुआती एडवांस बुकिंग में दमदार शुरुआत
रविवार से शुरू हुई लिमिटेड एडवांस बुकिंग में ही 'बॉर्डर 2' ने शानदार परफॉर्म किया है। BookMyShow के आंकड़ों के मुताबिक, शुरुआती में ही फिल्म के करीब 8,280 टिकट बिक चुके हैं। ये नंबर्स हाल ही में रिलीज हुई कई बॉलीवुड फिल्मों से ज्यादा है।
तुलना करें तो पिछले साल काफी चर्चा में रही फिल्म 'सिकंदर' ने लिमिटेड एडवांस बुकिंग में लगभग 5,720 टिकट ही बेचे थे, जबकि 'बॉर्डर 2' इस आंकड़े से आगे निकल चुकी है।
'बॉर्डर 2' को क्यों मिल रहा है इतना अच्छा रिस्पॉन्स?
अनुराग सिंह के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे सितारे भी नजर आएंगे। हाल ही में रिलीज हुआ ट्रेलर दर्शकों को काफी पसंद आया, जिसने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म की देशभक्ति की थीम, मजबूत स्टारकास्ट और बड़े पैमाने पर बनी वॉर स्टोरी इसकी एडवांस बुकिंग को मजबूती दे रही है। सनी देओल की पिछली हिट फिल्मों के चलते दर्शकों को उनसे एक बार फिर दमदार परफॉर्मेंस की उम्मीद है।
सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग करने वाली फिल्मों की लिस्ट
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि फुल एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद 'बॉर्डर 2' कहां तक पहुंचती है। फिलहाल BookMyShow पर सबसे ज्यादा एडवांस टिकट बिक्री का रिकॉर्ड 'वॉर 2' के नाम है, जिसके करीब 8 लाख से ज्यादा टिकट बिके थे। इसके अलावा 'छावा', 'सैयारा', 'धुरंधर', 'हाउसफुल 5', 'बागी 4', 'तेरे इश्क में', 'स्काई फोर्स', 'थामा' और 'रेड 2' जैसी फिल्मों ने भी एडवांस बुकिंग के मामले में अच्छा परफॉर्म किया था। 'बॉर्डर 2' अभी शुरुआती दौर में है, लेकिन जिस रफ्तार से फिल्म की बुकिंग हो रही है, लग रहा है कि लोग इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बॉर्डर 2: प्रोडक्शन और उम्मीदें
'बॉर्डर 2' को टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म के निर्माता भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता हैं। 'गदर 2' जैसी फिल्मों की जबरदस्त कमाई को देखते हुए ट्रेड पंडितों का मानना है कि बॉर्डर 2 भी रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर बड़े रिकॉर्ड बना सकती है।


Click it and Unblock the Notifications











