राजेश खन्ना की फिल्मों से सीखा अभिनय: सुनील शेट्टी

बालीवुड स्टार सुनील शेट्टी ने राजेश खन्ना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुये कहा कि रूपहले पर्दे का यह सितारा अस्त होने के बाद भी अभिनय की दुनिया में कलाकारों के लिये प्रेरणा का श्रोत बना रहेगा। अपनी नई फिल्म 'पिक्चर अभी बाकी है' के प्रमोशन के सिलसिले में नवाब नगरी आये सुनील शेट्टी ने कहा कि श्री खन्ना के निधन से मै स्तब्ध हूं, वह मेरे आदर्श थे। मैं उनकी फिल्में देखकर बड़ा हुआ हूं और उनकी फिल्मों से अभिनय की बारीकियों को सीखा हूं।
उन्होंने कहा कि राजेश खन्ना का निधन फिल्म जगत के लिए तो क्षति है साथ ही यह मेरे लिये बहुत बडा आघात है। सुनील ने कहा कि श्री खन्ना जैसे अभिनेता रोज-रोज जन्म नहीं लेते उन्होंने बॉलीवुड को जो दिया उसे भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि अभिनेता दारा सिंह की मृत्यु के एक सप्ताह के भीतर श्री खन्ना की मृत्यु से फिल्म जगत शोक के समंदर में समा गया है। सत्तर के दशक के महानायक की क्षतिपूर्ति करना बालीवुड के लिये लगभग असंभव है। वहीं यहां मौजूद हास्य अभिनेता राजपाल यादव ने भी राजेश खन्ना के निधन पर दुख जाहिर किया। उन्होंने कहा कि श्री खन्ना जैसे महान कलाकार के सदियों में एक बार संसार में अवतरित होते है। उनकी भरपाई फिल्मी दुनिया में कभी नही हो सकेगी।


Click it and Unblock the Notifications