अक्षय कुमार, मैं और परेश रावल एक साथ Hera Pheri 3 करने वाले थे, मुझे नहीं पता उसके बाद क्या हुआ - सुनील शेट्टी

Suniel Shetty on Akshay Kumar leaving Hera Pheri 3: सुनील शेट्टी ने एक बार फिर एक इंटरव्यू में कहा, मैं, अक्षय कुमार और परेश रावल एक साथ हेरा फेरी करने वाले थे। सब तय था, मुझे नहीं पता उसके बाद क्या हुआ। उसके बाद जो हुआ वो सबको पता है। अक्षय कुमार ने अचानक से हेरा फेरी 3 रिजेक्ट कर ली। उनके फैन्स उनसे बहुत नाराज़ हुए।
फैन्स की नाराज़गी देखते हुए अक्षय कुमार इतने परेशान हो गए कि उन्हें सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने अपने फैन्स से हेरा फेरी 3 ना कर पाने के लिए माफी मांगनी पड़ी। इसके बाद कार्तिक आर्यन की फिल्म में एंट्री हुई। लेकिन ये तय किया गया कि कार्तिक फिल्म में अक्षय कुमार को रिप्लेस नहीं करेंगे। यानि कि वो राजू का किरदार नहीं निभाएंगे। उनका किरदार नया होगा।

कई बार रिजेक्ट कर चुके हैं हेरा फेरी
अक्षय कुमार को फिरोज़ नाडियाडवाला ने कई बार हेरा फेरी 3 का ऑफर दिया। लेकिन हर बार अक्षय ने किसी ना किसी कारण से ये फिल्म रिजेक्ट कर दी थी। ऐसा ही कुछ वेलकम 2 के साथ हुआ था। जिसके बाद फिरोज़ नाडियाडवाला ने भी गुस्से में जॉन अब्राहम के साथ वेलकम 2 बनाई और फिर हेरा फेरी 3 अनाउंस की। लेकिन वेलकम 2 का हाल देखने के बाद हेरा फेरी 3 को अनाउंस करने के बाद भी बनाने की हिम्मत फिरोज़ नाडियाडवाला में नहीं हो पाई।

इस बार मान गए अक्षय
इस बार फिरोज़ नाडियाडवाला ने जब अक्षय कुमार को हेरा फेरी 3 ऑफर की तो अक्षय कुमार मान गए। वैसे भी अक्षय कुमार लगातार देशभक्ति अवतार से आजिज़ आ चुके थे और उन्हें वापस कॉमेडी करनी थी। लेकिन इस साल अक्षय कुमार की चार मज़बूत फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ताश के पत्तों की तरह ढेर हो गईं जिसके बाद अक्षय को ये सोचने का समय चाहिए था कि दर्शक उनसे आखिर क्या चाहते हैं। अक्षय कुमार ने मन बनाकर हेरा फेरी 3 करने का फैसला ले ही लिया था।

एक साथ तीन सीक्वल
फिरोज़ नाडियाडवाला भी अक्षय कुमार के पास केवल हेरा फेरी 3 का ऑफर लेकर नहीं गए। बल्कि हेरा फेरी 3 के साथ फिरोज़ नाडियाडवाला वेलकम 3 और आवारा पागल दीवाना 2 की भी स्क्रिप्ट लेकर गए। अक्षय ने केवल हेरा फेरी 3 पर विचार करने का मन बनाया। लेकिन फिर अचानक खबर आई कि अक्षय कुमार ने ये फिल्में रिजेक्ट कर दीं। जबकि माना जा रहा था कि बच्चन पांडे, सम्राट पृथ्वीराज, रक्षाबंधन और राम सेतु के सुपरफ्लॉप होने के बाद अक्षय कुमार कॉमेडी की ओर रूख करेंगे।

सार्वजनिक रूप से मांगी माफी
अक्षय कुमार ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और कहा कि वो हेरा फेरी 3 करना चाहते थे लेकिन वो ऐसा कुछ नहीं करना चाहेंगे जो उनके फैन्स को पसंद ना आए। अक्षय ने माना कि वो फिल्म करने वाले थे, उन्होंने स्क्रिप्ट भी पढ़ ली थी लेकिन ये फिल्म करने के लिए उनका मन नहीं माना और इसलिए उन्होंने इस फिल्म से अलग होना ही बेहतर समझा। हालांकि, अक्षय कुमार के इस फैसले ने फैन्स का दिल बुरी तरह तोड़ दिया और फैन्स ट्विटर पर तरह तरह की डिमांड ट्रेंड करने लगे थे।

केवल पैसों का था मामला
वहीं अगर अफवाहों की मानें तो हर बार अक्षय कुमार के हेरा फेरी 3 को रिजेक्ट करने के पीछे कारण रहता है उनकी फीस। पिछली बार जब उन्होंने ये फिल्म रिजेक्ट की थी तो फिरोज़ नाडियाडवाला ने साफ कहा था कि अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार की फीस दे पाना उनके बजट के बाहर है। इस बार फिर से वही हुआ। अक्षय फिल्म के लिए मान तो गए लेकिन उन्होंने अपनी कीमत रखी 160 करोड़। फिरोज़ नाडियाडवाला को इस कॉमेडी फिल्म के लिए 160 करोड़ फीस बहुत ही ज़्यादा लगी।

हुई कार्तिक आर्यन की एंट्री
इसके बाद ही सीन में कार्तिक आर्यन की एंट्री हुई। रिपोर्ट्स की मानें तो फिरोज़ नाडियाडवाला इस बार कोई चांस नहीं लेना चाहते थे। इसलिए अक्षय कुमार के साथ साथ उन्होंने कार्तिक आर्यन को भी ये फिल्म ऑफर की हुई थी। जहां अक्षय कुमार 160 करोड़ से कम में हेरा फेरी 3 करने को नहीं मान रहे थे वहीं कार्तिक आर्यन केवल 45 करोड़ में ये फिल्म करने के लिए हामी भर गए। बात वहीं पर फाईनल कर दी गई।

ओटीटी दाम में नहीं मिल रहा था अंतर
हेरा फेरी 3 का सारा समीकरण वहां बदल गया जब अक्षय कुमार के होने पर फिल्म को जितनी ओटीटी डील मिल रही थी लगभग उतना ही दाम कार्तिक आर्यन के भी फिल्म में होने से मिल रहा था। ऐसे में अक्षय कुमार पर 160 करोड़ लगाने से कहीं ज़्यादा बेहतर विकल्प था कार्तिक आर्यन पर 45 करोड़ लगाना। इसलिए, फिरोज़ नाडियाडवाला ने ये बेहतर विकल्प चुना।
हालांकि, अक्षय कुमार ये फिल्म नहीं कर रहे हैं, ये सुनकर सुनील शेट्टी काफी हैरान हुए। उनका अभी भी मानना है कि फिरोज़ भाई और अक्षय अपने अपने मतभेद सुलझा लें और इस फ्रेंचाईज़ी का मूल सूत्र ना बिगाड़े। हेरा फेरी का मूल सूत्र ही है राजू, बाबूराव और श्याम की अटपटी सी दोस्ती। अब देखते हैं कि सुनील शेट्टी की ये ख्वाहिश पूरी होती है या फिर भूल भुलैया 2 की तरह, कार्तिक आर्यन, हेरा फेरी 3 में भी अक्षय कुमार की कमी महसूस नहीं होने देंगे।


Click it and Unblock the Notifications











