सुनिधि और एनरीक़े की जुगलबंदी

सुनिधि चौहान ने विश्व प्रसिद्ध गायक एनरीक़े के साथ गाना गाया
भारतीय गायिका सुनिधि चौहान ने हिंदी फ़िल्मों में कई सुपरहिट गाने गाए हैं. और उनका नाम चोटी की गायिकाओं में शुमार होता है.
अब सुनिधि ने हाल ही में एक और उपलब्धि हासिल की जब उन्हें पूरी दुनिया में मशहूर लातिनी पॉप गायक एनरीक़े इग्लेज़ियस के साथ एक गाना गाने का मौक़ा मिला.
ये एक रोमांटिक गाना है. बीबीसी संवाददाता ऋचा शर्मा से बात करते हुए सुनिधि चौहान ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, "हां, मैंने और एनरीक़े ने साथ में गाना रिकॉर्ड कर लिया है. फ़िलहाल इस बारे में मैं इससे ज़्यादा कुछ नहीं कह पाऊंगी."
एनरीक़े ने स्पेनिश और अंग्रेज़ी में कई गाने गाए
गाने में कुछ हिंदी बोल हैं, जिन्हें सुनिधि ने गाया है. ख़बर है कि एनरीक़े के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए इस गाने को अमेरिका में रिकॉर्ड किया गया.
इसका एक वीडियो भी शूट किया जाएगा. पूरी दुनिया में इस वीडियो को दिसंबर के मध्य तक दिखाया जाना शुरु कर दिया जाएगा. सुनिधि के लिए ये पहला अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट है.
सुनिधि ने महज़ चार साल की उम्र से ही गाना शुरु कर दिया. दूरदर्शन पर आने वाला रियलिटी शो 'मेरी आवाज़ सुनो' जीतकर वो सबकी नज़रों में आईं.
फ़िल्म 'शस्त्र' में सुनिधि का गाया गाना 'लड़की दीवानी देखो लड़का दीवाना' कामयाब साबित हुआ, उसके बाद सुनिधि को कई हिंदी फ़िल्मों में गाने का मौक़ा मिला.
एनरीक़े और अन्ना कुर्निकोवा की दोस्ती भी अक्सर चर्चा में रहती है.
फ़िल्म 'मस्त' के गाने 'रुकी-रुकी सी ज़िंदगी' ने उन्हें रातों-रात मशहूर कर दिया. 'धूम मचा ले', 'कैसी पहेली', 'बीड़ी जलई ले' और 'चोर बाज़ारी' जैसे कई सुपरहिट गाने वो गा चुकी हैं. वो 'इंडियन आयडल' जैसे टीवी रियलिटी शो में बतौर जज भी आ चुकी हैं.
एनरीक़े स्पेनिश गायक हैं. वो गाने भी लिखते हैं. दुनिया भर में अपने कई मशहूर म्यूज़िक एलबमों और वीडियो के ज़रिए वो काफ़ी प्रसिद्धि पा चुके हैं.
स्पेनिश के अलावा वो कई अंग्रेज़ी गाने भी गा चुके हैं. पिछले कई सालों से वो टेनिस खिलाड़ी अन्ना कुर्निकोवा के साथ अपने संबंधों को लेकर भी चर्चा में हैं. अन्ना, एनरीक़े के म्यूज़िक वीडियो 'इस्कैप' में भी नज़र आ चुकी हैं.


Click it and Unblock the Notifications