गायन मेरी मां, अभिनय मेरे पिता: सुखविंदर

गायक सुखविंदर सिंह कहते हैं कि उन्हें अभिनय में भी उतना ही मज़ा आया जितना कि गायन में आता है.
दरअसल कई मशहूर और हिट गानों के गायक सुखविंदर सिंह अब जल्द एक अभिनेता के रूप में फ़िल्म 'कुछ करिए' में नज़र आएंगे.
इस फ़िल्म के निर्देशक हैं जगबीर दहिया और निर्माता हैं सूर्या एंटरटेंनमेंट.
फ़िल्म में सुखविंदर एक छोटे शहर के आदमी का रोल निभा रहे हैं जो काम की तलाश में मुंबई आता है और फिर उसकी ज़िंदगी एक नाटकीय मोड़ लेती है.
सुखविंदर सिंह कहते हैं, "इस फ़िल्म के ज़रिए बताया गया है कि प्यार की भाषा सबसे बड़ी है. अगर आप किसी को कुछ समझाना चाहते हैं तो चिल्लाकर काम नहीं बनता."
सुखविंदर सिंह कहते हैं कि अभिनय के क्षेत्र में क़दम रखना उनका सोचा-समझा फ़ैसला नहीं था.
वो कहते हैं,"मैं तो पहले इस फ़िल्म के लिए केवल गाने ही गा रहा था लेकिन एक रिकॉर्डिंग के दौरान फ़िल्म के निर्माताओं ने मुझे कहा कि वो मुझे ही बतौर अभिनेता इस फ़िल्म में लेना चाहते हैं".
सुखविंदर कहते हैं,"दरअसल गाना गाते वक़्त उन्होंने मेरे चेहरे पर जो भाव देखे वो उन्हें बहुत पसंद आए और उन्होंने कहा कि ये रोल तो आपको ही करना चाहिए. वैसे भी ये एक संगीतकार का ही किरदार है."
ये पूछे जाने पर कि कहीं अभिनय में क़दम रखने की वजह से उनके गायन पर तो कोई असर नहीं पड़ेगा, सुखविंदर कहते हैं, "गायन मेरी मां है तो अभिनय मेरा पिता. और हमें तो मां-बाप दोनों की ही ज़रूरत होती है. अभिनय और संगीत एक दूसरे से बहुत अलग नहीं हैं."
सुखविंदर सिंह आगे भी फ़िल्मों में अभिनय के इच्छुक हैं लेकिन एक साथ बहुत ज़्यादा काम करने के नहीं.
'कुछ करिए' 23 अप्रैल को रिलीज़ हो रही है और इसमें सुखविंदर के साथ काम किया है विक्रम कुमार, रूबी ख़ान और श्रेया ने.


Click it and Unblock the Notifications