वायनाड की स्थिति देख परेशान हुए 'सुकेश चंद्रशेखर', 15 करोड़ रुपये और 300 घर बनवाने का किया ऐलान

Sukesh Chandrashekhar donate 15 crore Rupees: जेल में बंद कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर ने हाल ही में वायनाड (Wayanad Landslide) में हुए हादसे को सुन दुख जताया है। बता दें कि हाल ही में वायनाड में भीषण बारिश की वजह से भूस्खलन हुआ था जिस वजह से चारों तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। कितने लोग घायल हुए और कितने लोगों के घर उजड़ गए इसका आंकड़ा अभी तक नहीं आ पाया है। वहीं 300 से ज्यादा लोगों की मौत की संख्या सामने आ रही है। इस हादसे ने लोगों का दिल दहला दिया है। बता दें कि अभी भी वायनाड में स्थिति कंट्रोल में नहीं आई है। अभी भी वहां बचाव अभियान जारी है।
बता दें कि वायनाड की इस स्थिति को देखते हुए 13 साल की बच्ची हरिनी श्री ने लोगों की मदद करने के लिए पैसे जुटाए हैं। बीते दिन लड़की ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में अपनी बचत किए हुए पैसे समेत 15 हजार रुपये दान किए हैं।
इस गंभीर स्थिति को देखने के बाद अब सुकेश चंद्रशेखर ने भी मदद का हाथ आगे बढ़ाया है। सुकेश चंद्रशेखर ने केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को पत्र लिखा है। जिसमें वह मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 15 करोड़ रुपये का योगदान स्वीकार किए जाने का अनुरोध करते है।
सुकेश चंद्रशेखर अपने पत्र में लिखते हैं- 'मैं अपने फाउंडेशन की ओर से मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए 15 करोड़ रुपये का योगदान स्वीकार किए जाने का अनुरोध करता हूं...आज किए जा रहे योगदान के अलावा मैं लोगों की मदद करने के मकसद से 300 मकानों के तत्काल निर्माण में योगदान के लिए भी अपना सहयोग देने का वादा करता हूं।'
सुकेश चंद्रशेखर आगे यह भी कहते हैं कि 'यह सारा योगदान वैध व्यावसायिक खातों से किया जाएगा।' उन्होंने राज्य सरकार से यह अनुरोध किया है कि वह इस प्रस्ताव को स्वीकार करें और इसका उपयोग भूस्खलन त्रासदी से प्रभावित लोगों के कल्याण और पूनर्वास के लिए करें। आपको बता दें कि सुकेश चंद्रशेखर अभी नई दिल्ली की मंडोली जेल में बंद हैं।


Click it and Unblock the Notifications











