सिर्फ एक गलती की वजह से गई Suhani Bhatnagar की जान, पहले हाथ फिर धीरे-धीरे फूल गया पूरा शरीर

Suhani Bhatnagar Demise: मात्र 19 साल की उम्र में अपनी जान गंवाने वाली सुहानी भटनागर की मौत ने पूरे मनोरंजन जगत को हिलाकर रख दिया है। 'दंगल' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाली सुहानी की ये आखिरी फिल्म बनकर रह गई। दिवंगत एक्ट्रेस के पैरेंट्स ने हाल ही में बताया कि कैसे इस मासूम एक्ट्रेस की जान गई।
सुहानी भटनागर के पैरेंट्स ने उन मेडिकल कॉम्पलिकेशन के बारे में डिटेल बताई है, जिनके कारण दुखद रूप से 19 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। ब्लॉकबस्टर फिल्म 'दंगल' में बबीता फोगट के बचपन का किरदार के लिए फेमस, सुहानी को डर्माटोमायोसिटिस का पता चला था।
एम्स में इलाज के दौरान दस दिन से ज्यादा समय बिताने के बाद, दुर्भाग्य से उनकी बीमारी के कारण मौत हो गई। उनकी मौत के एक दिन बाद मीडिया को संबोधित करते हुए, उनके माता-पिता ने ऑटोइम्यून डिसऑर्डर से लड़ाई के दौरान उनकी बेटी के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी दी।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में मीडिया के साथ बातचीत में, सुहानी भटनागर के पिता ने उनकी हेल्थ जर्नी के बारे में डिटेल शेयर की। उन्होंने खुलासा किया कि दो महीने पहले, एक्ट्रेस को अपने हाथों में सूजन होने का एहसास होने लगा था, जिसे शुरू में नॉर्मल मानकर कोई रिएक्शन नहीं दिया गया था। हालांकि, सूजन धीरे-धीरे उसके दूसरे हाथ तक फैल गई और फिर उनका पूरा शरीर फूलने लगा। कई डॉक्टरों से सलाह लेने के बावजूद, उनकी बीमारी के बारे में कुछ ज्यादा पता नहीं चल पाया।
लगभग 11 दिन पहले, सुहानी को एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां टेस्ट से से पता चला कि उन्हें डर्मेटोमायोसिटिस नाम की एक दुर्लभ ऑटोइम्यून बीमारी है। ट्रीटमेंट में स्टेरॉयड शामिल था, जिसने अनजाने में सुहानी के शरीर के इम्यून सिस्टम को खोखला कर दिया।
सुहानी के पिता ने विस्तार से बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें बीमारी से जुड़ी लंबी रिकवरी प्रक्रिया के बारे में बताया। दुर्भाग्य से, अपनी कमजोर इम्यूनिटी के कारण, सुहानी को अस्पताल में भर्ती होने के दौरान इंफेक्शन हो गया। इससे उनके फेफड़ों में कॉम्पलीकेशन पैदा हो गईं, जिसकी वजह से उनके फेफड़ों में पानी जमा हो गया और सांस लेने में दिक्कतें होने लगीं।
सुहानी के पिता ने कहा, 'उन्हें वेंटिलेटर पर रखने के बाद भी उनका ऑक्सीजन लेवल बहुत कम था और फिर 16 फरवरी शाम 7 बजे एम्स के डॉक्टरों ने कहा, 'वह अब इस दुनिया में नहीं रहीं।'
उनकी मां ने खुलासा किया कि सुहानी ने जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में ग्रैजुएट होने के बाद एक्टिंग में लौटने पर विचार कर रही थीं। उन्होंने अपने कॉलेज के लास्ट सेमेस्टर में टॉप भी किया था। अपनी बेटी की उपलब्धियों पर गर्व करते हुए, उनकी मां ने कहा, "हमारी बेटी ने हमें बहुत गौरवान्वित किया है।"
सुहानी के निधन पर आमिर खान के प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया है। जायरा वसीम जैसे उनके को-एक्टर्स, डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर किरण राव ने भी उनके असामयिक निधन पर हार्दिक संवेदना व्यक्त की।


Click it and Unblock the Notifications














