बांग्लादेश में सुचित्रा सेन फिल्म समारोह

सप्ताहभर लंबा समारोह आयोजित करने वाली बांग्लादेशी अभिनेत्री और सांसद कोबोरी चौधरी ने मांग की है कि सुचित्रा सेन के पुश्तैनी घर से गैरकानूनी कब्जे को हटाया जाए।
समाचार पत्र 'द डेली स्टार' के सोमवार को प्रकाशित अंक के मुताबिक कोलकाता में एकांतवास कर रहीं सुचित्रा सेन के सम्मान में चौधरी ने फिल्म निर्देशक सुवास दत्त के साथ इस समारोह की शुरूआत की है।
समारोह की शुरूआत के साथ ही शुक्रवार को एक रैली का आयोजन किया गया था। जिसमें हजारों सांस्कृतिक कार्यकर्ता और छात्र शामिल हुए थे।
निर्देशक सूवास दत्त ने कहा, "संस्कृति और सिनेमा सामाजिक बदलाव के सबसे अच्छे उपकरण हैं। जरूरी है कि हम अच्छी फिल्मों को संरक्षण दें।"
सुचित्रा की चर्चित फिल्मों में से एक 'हरानो सुर' के प्रदर्शन के साथ समारोह की शुरूआत हुई। समारोह में उनकी आठ फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें 'अग्नि पारीख्खा', 'दीप जेले जय', 'शिल्पी', 'शाथ पाके बंधा', 'शाप मोचोन' और 'शागोरीका' शामिल हैं।


Click it and Unblock the Notifications