मैं 'कांची' के लिए हड़बड़ाया नहीं हूं: घई
फिल्मकार सुभाष घई इन दिनों अपनी फिल्म 'कांची' के अंतिम दृश्यों के फिल्मांकन में व्यस्त हैं। इस बार घई को फिल्म के प्रदर्शन की कोई जल्दी नहीं है, जैसा कि उन्होंने पिछली बार फिल्म 'युवराज' के समय किया था। घई ने आईएएनएस को बताया, "फिल्म के कुछ दृश्यों की शूटिंग बाकी है। मैं 'कांची' को आराम से प्रदर्शित करने वाला हूं। इस बार मैं कोई जल्दी नहीं करूंगा क्योंकि मैं पिछली बार की गलती इस बार नहीं दोहराना चाहता।"
उन्होंने कहा, "कई फिल्में मेरी हड़बड़ी और प्रदर्शन में जल्दी करने की वजह से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाईं। निर्देशकों को बाद में महसूस हुआ कि उनकी फिल्मों को पर्याप्त समय दिया जाता तो फिल्म बेहतर कर सकती थी।"
फिल्म 'कांची' में अभिनेता कार्तिक तिवारी और नवोदित अभिनेत्री मिष्टी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अभिनेता ऋषि कपूर और मिथुन चक्रवर्ती भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
घई से यह पूछे जाने पर कि क्या वह 'कांची' के प्रदर्शन के लिए किसी खास दिन या त्योहार का इंतजार कर रहे हैं, उन्होंने कहा, "यह व्यवसायिक नीति है। पर मैं फिल्म की रचनात्मकता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करूंगा। जब फिल्म प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार होगी, तभी हम इसे प्रदर्शित करने के बारे में सोचेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications












