टीवी कर्मचारियों की हड़ताल ख़त्म

प्रोडक्शन हाउसों के ये कर्मचारी अपनी विभिन्न माँगों को लेकर एक नवंबर से हड़ताल पर चले गए थे.
इससे पिछले कुछ दिनों से टीवी चैनलों पर धारावाहिकों के पुराने एपिसोड ही दिखाए जा रहे थे. हड़ताल समाप्त होने के बाद अब लोग विभिन्न टीवी चैनलों पर अपने पसंदीदा सीरियलों के नए एपीसोड देख पाएँगे.
ये कर्मचारी अपना वेतन बढ़ाने, शूटिंग के दौरान ब्रेक और शूटिंग स्थल पर सुविधाएँ बढ़ाने की माँग पिछले काफ़ी समय से कर रहे थे.
बुधवार को कर्मचारियों की यूनियन फ़ेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज़ और इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीपीए) के बीच हुई बातचीत में हड़ताल ख़त्म करने का फ़ैसला लिया गया.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक धारावाहिक निर्माताओं ने इन कर्मचारियों का वेतन साढ़े सात फ़ीसदी बढ़ाने का वादा किया है.
कर्मचारियों की हड़ताल ख़त्म होने के बाद अब उम्मीद की जा रीह है कि सोमवार से टीवी चैनल पर धारावाहिकों के नए एपिसोड दिखाए जाएँगे.
इस हड़ताल की वजह से टीवी पर दिखाए जाने वाले सीरियलों के नए एपीसोड नहीं बन पा रहे थे. इससे इन चैनलों पर सीरियलों के पुराने एपीसोड ही दिखाए जा रहे थे.


Click it and Unblock the Notifications