Stree 2 के गाने 'आई नहीं' और 'आज की रात' के कोरियोग्राफर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, ये है पूरा मामला

Stree 2 Choreogrpaher Master Jani Arrested: बाहुबली और पुष्पा: द राइज जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए मशहूर तेलुगु कोरियोग्राफर जानी मास्टर को साइबराबाद पुलिस ने गोवा में गिरफ्तार किया है, जहां उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को यह जानकारी दी।
21 साल की महिला ने लगाया आरोप
कोरियोग्राफर, जिनका असली नाम शेख जानी है, उनको गोवा की अदालत से ट्रांजिट वारंट मिलने के बाद हैदराबाद लाया जाएगा। उन पर 21 साल की महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है जिसके बाद कोरियोग्राफर को गिरफ्तार किया गया था। उस महिला का दावा है कि उत्पीड़न कई सालों तक चला, जब वह नाबालिग थी। आपको जानकर हैरानी होगी कि जानी मास्टर को थिरुचित्रम्बलम के लिए बेस्ट कोरियोग्राफी का नेशनल अवॉर्ड मिला है।
कोरियोग्राफर पर POCSO एक्ट भी लगा
तेलुगु फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स और एक वर्कर यूनियन ने जानी मास्टर को निलंबित कर दिया है। 19 सितंबर को शेयर की गई कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें बेंगलुरु में हिरासत में लिया गया और उन्हें हैदराबाद ट्रांसफर कर दिया जाएगा। आरोपों की जांच कर रहे चैंबर के पैनल की अध्यक्ष एक्ट्रेस झांसी ने कहा कि बलात्कार और आपराधिक धमकी के आरोपों के कारण यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई हो सकती है। पीटीआई ने अब पुष्टि की है कि जानी के खिलाफ POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जिस महिला ने जानी पर इल्जाम लगाए हैं, उसने अपने बयान में बताया है कि उससे मिलने के दो साल बाद, जानी ने उसे असिस्टेंट कोरियोग्राफर के रूप में नौकरी की पेशकश की, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। महिला के दावों के अनुसार, इसके बाद यौन उत्पीड़न हुआ, जिसमें मुंबई के एक होटल में एक घटना भी शामिल है, जहां वे दो और मेल डांसर्स के साथ एक शो के लिए ठहरे थे।
महिला ने शादी करने का दबाव डालने का लगाया आरोप
महिला ने कहा कि कोरियोग्राफर ने उन्हें धमकी दी कि अगर उसने मामले की शिकायत की तो वो उसके साथ बहुत बुरा हश्र करेंगे। यही नहीं महिला का दावा है कि फोटोशूट और रिहर्सल के दौरान उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया। उसने आगे आरोप लगाया कि जानी ने उस पर धर्म परिवर्तन करने और उससे 'शादी' करने का दबाव बनाया, जबकि वह पहले से ही शादीशुदा था। एक मौके पर, उसने दावा किया कि वह और उसकी पत्नी दोनों उसके कमरे में घुसे और उसे थप्पड़ मारा।
कई बॉलीवुड फिल्मों में किया काम
जानी मास्टर ने 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया', 'स्त्री 2' और 'किसी का भाई किसी की जान' जैसी कई बॉलीवुड फिल्मों में कोरियोग्राफी की है। स्त्री 2 में, उन्होंने तमन्ना भाटिया के साथ "आज की रात" को कोरियोग्राफ किया।
जनसेना पार्टी ने भी किया किनारा
जानी जनसेना पार्टी के सदस्य हैं, जिसका नेतृत्व पवन कल्याण करते हैं, जो एक अभिनेता से राजनेता बने हैं और अब आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यरत हैं। कल्याण ने कोरियोग्राफर को उनके खिलाफ दर्ज मामले को देखते हुए जानी को अपने कार्यक्रमों से दूर रहने को कहा है।


Click it and Unblock the Notifications











